UP Elections 2027: यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' राज्य की राजनीतिक हलचलों का सबसे सटीक विश्लेषण लेकर आता है. आज के अंक में हम उत्तर प्रदेश की तीन सबसे बड़ी खबरों पर चर्चा करेंगे. सबसे पहले, बीजेपी ने आगामी 2027 चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना चेहरा घोषित कर दिया है, जिससे पार्टी के भीतर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है. दूसरी बड़ी खबर इस फैसले के बाद अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की बदली रणनीति की है, जिसमें वे इस चेहरे के सामने 'पीडीए' और जातीय जनगणना के नैरेटिव को और धार देने की तैयारी में हैं. तीसरी अहम खबर उत्तर प्रदेश के विकास और कानून-व्यवस्था के उन मुद्दों की है, जिन्हें आधार बनाकर बीजेपी एक बार फिर जनता के बीच 'उत्तम प्रदेश' का संकल्प लेकर उतरेगी.
ADVERTISEMENT
UP चुनाव 2027- योगी आदित्यनाथ ही होंगे बीजेपी का चेहरा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में साफ कर दिया है कि 2027 का विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा. पिछले कुछ महीनों से लखनऊ से दिल्ली तक नेतृत्व परिवर्तन की जो भी सुगबुगाहट चल रही थी, इस ऐलान ने उन सब पर पूर्णविराम लगा दिया है. नितिन नवीन ने जोर देकर कहा कि जिनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश 'उत्तम प्रदेश' और विकसित प्रदेश बना है, वही 2027 में भी पार्टी की कमान संभालेंगे. अब पार्टी के भीतर योगी बनाम अन्य की चर्चाएं थम चुकी हैं और संगठन पूरी तरह एकजुट होकर चुनावी मोड में आ गया है.
सपा का पीडीए बनाम बीजेपी का योगी चेहरा- अखिलेश यादव की क्या है तैयारी?
इस घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या अखिलेश यादव इस फैसले से खुश होंगे? माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के लिए योगी आदित्यनाथ का चेहरा सामने होना उनके 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नैरेटिव को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है. सपा अब इसे 'जाति बनाम विकास' की लड़ाई के तौर पर पेश करने की कोशिश करेगी. अखिलेश यादव का आकलन है कि अगर बीजेपी किसी ओबीसी चेहरे को आगे करती तो उनके लिए मुकाबला कठिन होता, लेकिन योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर वे समग्र ओबीसी राजनीति और ब्राह्मणों की कथित नाराजगी को भुनाने की कोशिश करेंगे.
क्या है 2027 के लिए बीजेपी का मास्टर प्लान?
बीजेपी का मानना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सबसे बड़ी ताकत उनकी निर्णायक छवि और प्रदेश की मजबूत कानून-व्यवस्था है. उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे का जाल, बेहतर कनेक्टिविटी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई ऐसे मुद्दे हैं जिनकी चर्चा यूपी के बाहर भी होती है. पार्टी को भरोसा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मुद्दे (आरक्षण और संविधान) अलग थे, लेकिन 2027 का चुनाव पूरी तरह से राज्य की कार्यप्रणाली और योगी की व्यक्तिगत लोकप्रियता पर केंद्रित होगा. बीजेपी इस बार 10 साल की 'एंटी-इनकंबेंसी' को सीएम योगी के ट्रैक रिकॉर्ड के सहारे काटने की तैयारी में है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT









