Ghazipur News: गाजीपुर के कटारिया गांव में निशा हत्याकांड का मामला अब बेहद गंभीर हो गया है. पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा डेलिगेशन के नेताओं और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में ईंट-पत्थर चलने से कई लोग और पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. इस हमले की तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर बड़ा हमला बोला है. इसके साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने बोला हमला
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा 'गाजीपुर, करंडा, कटारिया गांव में विश्वकर्मा समाज की एक युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल व सपा कार्यकर्त्ताओं के साथ-साथ सत्ता पोषित वर्चस्ववादी गांव के प्रधान द्वारा पुलिस पर भी पथराव व प्राणघातक हमला किया गया. दोषियों को तुरंत गिरफ़्तार करके, उन के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो.
इस हमले में माननीय पूर्व मंत्री श्री राम आसरे विश्वकर्मा जी समेत कई लोग घायल हुए हैं.भाजपा राज में न गांव सुरक्षित हैं, न शहर. उप्र अराजकता के सबसे ख़राब दौर से गुज़र रहा है. प्रभुत्ववादियों का पीडीए पर हमला दरअसल 95% आबादी पर हमला है.'
क्या है पूरा मामला
गौरतलब है कि बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव, विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव और जै किशन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कटारिया गांव पहुंचा था. गांव के बाहर रोके जाने पर सपा नेता धरने पर बैठ गए थे. प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को धरना स्थल पर बुलाकर मुलाकात कराने के दौरान अचानक भगदड़ मच गई और पथराव शुरू हो गया जिसमें शहर कोतवाल और करण्डा थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी और सपा कार्यकर्ता घायल हो गए. सपा प्रवक्ता शौर्या सिंह ने प्रशासन पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात है.
ADVERTISEMENT









