Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2027 के लिए बड़ा सियासी दांव चल दिया है. दरअसल, सोमवार को बुंदेलखंड और अन्य जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी को लेकर शिकायत की. इसके बाद अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से बाड़ा वादा करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार आएगी तब लोगों को बिजली बिल को लेकर बड़ी राहत दी जाएगी.
ADVERTISEMENT
300 यूनिट मुफ्त बिजली को लेकर क्या कहा?
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को महंगाई से राहत दी जाएगी. उन्होंने दो प्रमुख चुनावी वादे किए. पहला वादा उन्होंने प्रदेश के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का किया. वहीं दूसरा वादा अखिलेश यादव ने महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की पेंशन का किया.
स्मार्ट मीटर को लेकर अखिलेश ने किया तीखा प्रहार
सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण हो रहा है और बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी की जा रही है. अखिलेश यादव ने एक गंभीर दावा करते हुए कहा कि बिजली कंपनियों से एडवांस कमीशन लेने के कारण अब आम लोगों से अधिक वसूली की जा रही है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है.
पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान अखिलेश ने प्रदेश की बुनियादी समस्याओं को भी उठाया. उन्होंने कहा कि जनता वर्तमान में खाद की कमी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं से जूझ रही है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में आम आदमी त्रस्त है.
एकजुट हो जाएं कार्यकर्ता: अखिलेश
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से एकजुट होकर जमीन पर उतरें. उन्होंने कहा कि 2027 में बदलाव लाना जरूरी है ताकि समाजवादी नीतियों के जरिए महंगाई, भ्रष्टाचार और जनता के शोषण पर लगाम लगाई जा सके.
ADVERTISEMENT









