यूपी में अगर आज हुए चुनाव तो सपा और भाजपा में कौन रहेगा आगे? सर्वे के लेटेस्ट आकंड़े चौंका देंगे

UP Political News: 403 सीटों के सर्वे में योगी सरकार की वापसी का अनुमान, लेकिन बीजेपी के सहयोगियों को बड़ा झटका. अखिलेश यादव की सपा 135 सीटों के साथ मजबूत विपक्ष.

Akhilesh Yadav and CM Yogi

यूपी तक

25 Apr 2026 (अपडेटेड: 25 Apr 2026, 10:21 AM)

follow google news

UP Political News: उत्तर प्रदेश की सियासत में मिशन 2027 को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है. बीजेपी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन ने पहले ही साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही पार्टी का चेहरा होंगे. इस बीच, दैनिक भास्कर का एक नया सर्वे सामने आया है, जिसमें उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर जनता की राय पूछी गई है. यह सर्वे संकेत दे रहा है कि अगर आज चुनाव हुए, तो उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ की वापसी हो सकती है, हालांकि बीजेपी के गठबंधन दलों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें...

सर्वे के मुख्य आंकड़े, किसकी कितनी सीटें?

दैनिक भास्कर के सर्वे के अनुसार, 403 सीटों वाली विधानसभा में दलीय स्थिति कुछ इस प्रकार रह सकती है:

  • बीजेपी (BJP): 256 सीटें (पिछले चुनाव के मुकाबले 02 सीटों का नुकसान)
  • समाजवादी पार्टी (SP): 135 सीटें (28 सीटों का बड़ा फायदा)
  • आरएलडी (RLD): 04 सीटें (05 सीटों का नुकसान)
  • अपना दल (S): 03 सीटें (10 सीटों का भारी नुकसान)
  • निषाद पार्टी: 01 सीट (04 सीटों का नुकसान)
  • जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (JDL): 01 सीट (01 सीट का नुकसान)
  • कांग्रेस: 02 सीटें (कोई बदलाव नहीं)
  • बसपा (BSP): 01 सीट (कोई बदलाव नहीं)
  • सुभासपा (SBSP): 00 सीट (06 सीटों का पूरा नुकसान)

बीजेपी के सहयोगी दलों को बड़ा झटका

सर्वे में सबसे चौंकाने वाली बात बीजेपी के सहयोगी दलों (क्षेत्रीय पार्टियों) का प्रदर्शन है. सर्वे के मुताबिक, राजभर की पार्टी का खाता भी खुलता नजर नहीं आ रहा है. पिछली बार के 6 विधायकों के मुकाबले उन्हें सभी सीटों का नुकसान हो सकता है. 13 विधायकों वाली अपना दल (S) पार्टी घटकर महज 3 सीटों पर आती दिख रही है. बीजेपी के साथ गठबंधन में शामिल आरएलडी को भी 5 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है.

अखिलेश यादव की सपा को उछाल

समाजवादी पार्टी इस सर्वे में सबसे ज्यादा फायदे में नजर आ रही है. अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी 135 सीटों तक पहुंचती दिख रही है, जो पिछले चुनाव की तुलना में 28 सीटों की बड़ी बढ़त है. सर्वे के अनुसार, ब्रज, बुंदेलखंड और अवध ऐसे इलाके हैं जहां सपा, बीजेपी से बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है.

कहां कौन भारी?

  1. पूर्वांचल: यहां बीजेपी और सपा दोनों ही अपनी स्थिति मजबूत करती दिख रही हैं, लेकिन क्षेत्रीय दलों को नुकसान हो रहा है.
  2. पश्चिम यूपी: इस इलाके में बीजेपी बढ़त बनाती दिख रही है, जबकि सपा को यहां नुकसान का अनुमान है.
  3. राजा भैया (कुंडा): रघुराज प्रताप सिंह अपनी कुंडा सीट पर जीतते दिख रहे हैं, लेकिन उनकी पार्टी की दूसरी सीट (बाबागंज) खिसकती नजर आ रही है.

सर्वे साफ तौर पर योगी आदित्यनाथ सरकार की तीसरी बार वापसी की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन विपक्ष के रूप में अखिलेश यादव का कद और सपा की सीटें तेजी से बढ़ रही हैं. हालांकि, अभी टिकटों का बंटवारा और गठबंधन की अंतिम रणनीतियां तय होना बाकी है, जिससे आने वाले समय में समीकरण बदल सकते हैं.