बख़्शे नहीं जाएंगे... IPS अजय पाल शर्मा ने TMC उम्मीदवार जहांगीर खान को दी चेतावनी तो भड़क कर अखिलेश यादव ने ये सब कह दिया

Akhilesh Yadav on IPS Ajay Pal Sharma: बंगाल चुनाव में ऑब्जर्वर IPS अजय पाल शर्मा ने TMC प्रत्याशी जहांगीर खान को चेतावनी दी, जिस पर अखिलेश यादव ने उन्हें 'बीजेपी का एजेंट' बताते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही है.

Photo: Akhilesh Yadav and IPS Ajay Pal Sharma

यूपी तक

28 Apr 2026 (अपडेटेड: 28 Apr 2026, 08:54 AM)

follow google news

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर प्रदेश के चर्चित 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' IPS अजय पाल शर्मा और TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच का विवाद अब बड़े सियासी संग्राम में बदल गया है. चुनाव आयोग द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए अजय पाल शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुलेआम टीएमसी प्रत्याशी को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं. इस घटनाक्रम के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए बेहद तीखा हमला बोला है.

यह भी पढ़ें...

'हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे'

अखिलेश यादव ने X पर लिखा, "प. बंगाल में भाजपा ने ऑब्जवर के नाम पर रामपुर व संभल में टेस्ट किये हुए अपने एजेंट भेजे हैं लेकिन इनसे कुछ होने वाला नहीं. दीदी हैं, दीदी रहेंगी! सही समय आने पर भाजपा और उनके संगी-साथियों के इन जैसे ‘एजेंडों के एजेंटों’ की सारी आपराधिक करतूतों की गहरी जाँच होगी और बेहद सख़्त दंडात्मक कार्रवाई भी. ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं. हम न इन्हें भागने देंगे, न भूमिगत होने देंगे. ये खोज के लाए जाएंगे, खोद के लाए जाएंगे और अपने कुकृत्यों के लिए क़ानूनी सज़ा भी पाएंगे. लोकतंत्र के अपराधी बख़्शे नहीं जाएंगे!"

वायरल वीडियो में अजयपाल शर्मा क्या कहते दिखे?

सामने आए वीडियो में IPS अजयपाल शर्मा कह रहे हैं, "फिर उसकी खबर फिर अच्छे चलेंगे हम. ये जहांगीर के घर वाले भी खड़े हैं, उसको बता देना कायदे से. ये बार बार जो खबरें आ रही है की उसके लोग धमका रहे हैं तो फिर अच्छे से खबर लेंगे. फिर बाद में रोना पछताना मत."

क्या है मामला?

दरअसल, फलता विधानसभा क्षेत्र से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान पर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लग रहे थे. शिकायत मिलते ही IPS अजय पाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. हैरानी की बात यह रही कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने जहांगीर खान का पता बताने में आनाकानी की, लेकिन टीम ने तलाशी के बाद उसका घर ढूंढ निकाला.

Y कैटेगरी की सुरक्षा और एक्स्ट्रा जवानों पर उठे ये सवाल

जब अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर पहुंचे, तो वहां पश्चिम बंगाल पुलिस के 14 जवान सुरक्षा में तैनात मिले. स्थानीय एसपी से जानकारी मांगने पर पता चला कि जहांगीर को Y कैटेगरी की सुरक्षा के तहत केवल 10 पुलिसकर्मी मिले हैं. अजय पाल शर्मा ने मौके पर तैनात 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लेकर सख्त रुख अपनाया और स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि नियम विरुद्ध तरीके से अतिरिक्त फोर्स क्यों तैनात की गई.

कौन हैं IPS अजय पाल शर्मा?

यूपी कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा की पहचान एक सख्त और दबंग पुलिस अफसर की है. पंजाब के लुधियाना के रहने वाले अजय पाल मूल रूप से एक डेंटिस्ट (BDS) थे, लेकिन बाद में उन्होंने सिविल सेवा में आकर पुलिस की वर्दी चुनी.

यूपी के शामली, नोएडा और रामपुर जैसे जिलों में तैनाती के दौरान उन्होंने 100 से अधिक एनकाउंटर (मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार) किए. योगी सरकार के पहले कार्यकाल में नोएडा SSP के रूप में उनकी कार्यशैली की काफी चर्चा रही. फिलहाल वे प्रयागराज में ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के पद पर तैनात हैं और 2026 बंगाल चुनाव में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.