ADVERTISEMENT
Etawah News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव इटावा के जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने बीएलओ (BLO) के साथ हुई मारपीट और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी. शिवपाल यादव के साथ बीएलओ अश्विनी कुमार भी मौजूद थे. अश्विनी कुमार का आरोप है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष ध्रुव कठेरिया और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जूता मारा. बीएलओ ने आरोप लगाया कि उन पर 'फॉर्म 7' (वोट कटवाने वाला फॉर्म) पर जबरन हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया और मोबाइल छीनने की कोशिश की गई.
इस पूरे मामले पर DM ऑफिस पर क्या क्या हुआ इसे नीचे हमारी वीडियो रिपोर्ट में देखिए
आपको बता दें कि शिवपाल यादव ने शिकायत की कि सत्ता पक्ष के लोग बीएलओ और बीएलए (BLA) को धमका रहे हैं ताकि सही वोट काटे जा सकें और मतदाता सूची में हेरफेर की जा सके. शिवपाल यादव ने कहा कि वे आज धरने पर बैठने का मन बनाकर आए थे. उन्होंने प्रशासन को दो टूक कहा कि अगर भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी पर लगाम नहीं लगी और बीएलओ को धमकाना बंद नहीं हुआ, तो वे कलेक्ट्रेट में ही धरने पर बैठ जाएंगे.
उन्होंने डीएम और एसएसपी से लंबी बातचीत की और मांग की कि सरकारी काम में बाधा डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए. इटावा के डीएम सुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शिवपाल यादव को आश्वासन दिया कि बीएलओ के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की प्रक्रिया को पारदर्शी रखा जाएगा.
ADVERTISEMENT









