Om Prakash Rajbhar News: उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक समाज कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है. इस वायरल वीडियो में राजभर अपशब्द बोलते हुए नजर आ रहे हैं. मगर अब इस मामले में एक नया ट्विस्ट सामने आया है. बता दें कि राजभर के बेटे और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने दावा किया है कि उनके पिता का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वो फर्जी है.
ADVERTISEMENT
अरुण राजभर ने कहा, "श्री ओम प्रकाश राजभर को बदनाम करने की विरोधी बार बार कोशिश कर रहे हैं. करीब 7 सेकेंड का एक वीडियो वायरल किया गया है. यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ‘डीप फ़ेक’ का नतीजा है. ये सिर्फ और सिर्फ सुभासपा अध्यक्ष श्री ओपी राजभर को बदनाम करने की नीयत से बनाया और वायरल किया गया है. ये फर्जी वीडियो है."
अरुण राजभर ने दावा किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल कर ओपी राजभर की आवाज में वो बात वीडियो में दिखाई गई है, जो उन्होंने कही ही नहीं है.
क्या है मामला?
आपको बता दें कि हालिया ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर के सत्यदेव कॉलेज में कर्मवीर सत्यदेव सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. यहां पत्रकारों ने गाजीपुर की सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल किया तो राजभर भड़क गए.
उन्होंने कहा, "आप शिकायत करते हैं कि सड़क ठीक नहीं बनी है...हम तो लखनऊ और दिल्ली से पैसा भिजवा देते हैं कि अच्छी सड़क बन जाए. लोगों को आवागमन सुचारू हो. अगर ठीकेदार उसे सही नहीं बनाए तो आप हमसे शिकायत करते हैं कि मंत्री जी आपके इलाके में बनी हुई सड़क उड़ गई...तो फिर जांच नहीं होगी?"
इतने में एक पत्रकार ने कहा कि 'ठेकेदार कहते हैं मंत्री जी को पैसे दिए जाते हैं पहले...' इसे ही सुनते ओपी राजभर भड़क गए और फिर उन्होंने अपशब्द कह दिए. राजभर ने कहा, "ठेकेदार मा###%%$$$ को बुला लाओ मेरे सामने. आप क्या बात करते हो, बुला लाओ उसको. एक ठेकेदार कोई कह दे यहां का कि ओम प्रकाश राजभर को पैसा दिया हूं. जूता-जूता मारूंगा ऐसे ठेकेदार को. वो वो लोग हैं जो गलत करते हैं...वो बोलते हैं."
ADVERTISEMENT









