MOTN Survey: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे अब सबके सामने हैं. इस बार उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के बैनर तले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर किया है. बता दें कि सपा और कांग्रेस ने मिलकर यूपी में सबसे ज्यादा 43 सीटें जीतीं और सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले NDA को पछाड़ दिया. इन नतीजों के बाद यूपी में भाजपा बैकफुट पर नजर आई. पिछले दिनों भाजपा के अंदर रार तब मची जब सरकार और संगठन के बीच जुबानी जंग देखने को मिली. इन सब के बीच लोगों के मन में फिर एक बार यह सवाल तैर रहा है कि अगर आज उत्तर प्रदेश में चुनाव हुए तो कौन आगे रहेगा. बता दें कि आपके इस सवाल का जवाब इंडिया टुडे (India Today) और C वोटर्स के मूड ऑफ द नेशन सर्वे (Mood of the Nation Poll) ने तलाश लिया है. खबर में आगे तफ्सील से जानिए सर्वे के आंकड़े क्या इशारा कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
यूपी में कौन रहेगा आगे?
मूड ऑफ द नेशन सर्व के आंकड़े के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अगर आज चुनाव हुए तो इंडिया गठबंधन, NDA से आगे रहेगा. सर्वे में NDA को 39 जबकि इंडिया गठबंधन के खाते में 40 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं. NDA में भाजपा को 35, जबकि अपना दल (सोनेलाल) को 2 और रालोद के खाते में भी 2 सीटें जाती हुई दिख रही हैं.
वहीं, इंडिया गठबंधन में सपा को 34 और कांग्रेस को 6 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं. मायावती के नेतृत्व वाली बसपा को फिर से 0 सीटें मिलने की बात कही गई है. दूसरी तरफ अन्य को एक सीट मिलने का अनुमान लगाया गया है.
लोकसभा के नतीजों के बाद क्या बदला?
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में सपा ने 37 सीटें जीती थीं, जबकि मूड ऑफ द नेशन सर्वे में उसे 34 सीटें मिलती हुई नजर आ रही हैं. बात करें भाजपा की तो उसे इस सर्वे में फायदा मिलने का अनुमान लगाया है. मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा के हिस्से में 33 सीटें आई थीं. मगर सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि आर आज चुनाव हुए तो भाजपा उत्तर प्रदेश में 80 में से 35 सीटें जीत सकती हैं.
देश में कौन रहेगा आगे?
आपको बता दें कि मूड ऑफ द नेशन सर्व में देश में NDA को इंडिया गठबंधन के आगे दिखाया गया है. देश में अगर आज चुनाव होते हैं तो NDA को 299 जबकि इंडिया गठबंधन के खाते में 233 सीटें जाती हुई दिख रही हैं. गौरतलब है कि 4 जून को आये लोकसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए को 293 जबकि इंडिया को 234 सीटें मिली थीं. बता दें कि इस सर्वे में अन्य को 11 सीटें मिलने की बात कही गई है.
कब हुआ ये सर्वे?
बता दें कि इंडिया टुडे के मूड ऑफ द नेशन का अगस्त 2024 संस्करण 15 जुलाई, 2024 से 10 अगस्त, 2024 के बीच सी-वोटर के साथ मिलकर किया गया था. सर्वे में देश के सभी 543 लोकसभा क्षेत्रों में 40,591 लोगों का साक्षात्कार लिया गया. वोट और सीट शेयर में दीर्घकालिक रुझानों की पहचान करने के लिए सीवोटर के नियमित साप्ताहिक ट्रैकर के अन्य 95,872 साक्षात्कारों का भी विश्लेषण किया गया.
ADVERTISEMENT











