Mohammad Junaid and Akhilesh Yadav Meeting: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद ने अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है. मुलाकात के बाद जुनैद ने अपने Instagram अकाउंट पर अखिलेश यादव के साथ एक वीडियो साझा किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के साथ उन्होंने एक भावनात्मक संदेश भी लिखा, जिसके बाद यह मुलाकात राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों जगह चर्चा का विषय बन गई.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या लिखा?
मोहम्मद जुनैद ने अखिलेश यादव के साथ वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'आज मुलाक़ात हुई एक ऐसे रहनुमा से, जिनकी सोच में जनता और दिल में वतन बसता है. लम्हा छोटा था मगर यादगार बन गया, जब सामना अखिलेश यादव जी से हुआ.' इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने पोस्ट पर अपनी राय रखी, जबकि वीडियो को भी बड़ी संख्या में देखा और साझा किया जा रहा है.
जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान आए थे चर्चा में
मोहम्मद जुनैद उस समय सुर्खियों में आए थे, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ छात्र आंदोलन चल रहा था. आंदोलन के दौरान वह अपने साथियों के साथ प्रदर्शनकारियों के लिए पानी, ब्रेड पकौड़ा और अन्य खाने-पीने की चीजों की व्यवस्था करते नजर आए थे. इसी वजह से उनका नाम सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया और कई लोगों ने उनके काम की सराहना की.
पुलिस कार्रवाई के आरोप भी लगाए थे
आंदोलन के बाद जुनैद ने आरोप लगाया था कि प्रदर्शनकारियों की मदद करने की वजह से उनके परिवार को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा. उनका दावा था कि उनके परिवार के लोगों से पूछताछ की गई और उन्हें परेशान किया गया. हालांकि, गाजियाबाद पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया था. पुलिस का कहना था कि जुनैद के पिता को केवल सामान्य पूछताछ के लिए बुलाया गया था और पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया. पुलिस ने गिरफ्तारी के दावों को भी गलत बताया था.
कौन हैं मोहम्मद जुनैद?
मोहम्मद जुनैद मालिक उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता खेती-किसानी करते हैं और परिवार साधारण पृष्ठभूमि से आता है. जुनैद ने गाजियाबाद के सुंदरप कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई की है. वह खुद को एडवोकेट बताते हैं और ज्यूडिशियल सर्विस एग्जाम (JSE) समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं.
इस तरह बनी अलग पहचान
जुनैद के मुताबिक, वह 6 जून को CJP के पहले प्रदर्शन में जंतर-मंतर पहुंचे थे. 20 जून को परीक्षा देने के बाद जब वह दोबारा प्रदर्शन स्थल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भीषण गर्मी में छात्रों के लिए पानी और खाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था शुरू की और धीरे-धीरे कुछ अन्य लोग भी उनके साथ जुड़ते गए. उनके साथ बृजेश पांडे भी इस काम में सहयोग करते रहे. इसी पहल की वजह से मोहम्मद जुनैद आंदोलन के दौरान एक चर्चित चेहरा बनकर सामने आए.
ADVERTISEMENT











