Akhilesh Yadav Reaction on Satyam Pandit: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जो छात्र आंदोलन चल रहा था उसके समर्थन में जा रहे दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित नाम का युवक दो छात्रों के साथ बहस करता और उन्हें थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है. मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद अब यह मामला सियासी रंग लेता जा रहा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर भाजपा और उसके समर्थकों पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और बीजेपी पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने एक्स पर शेयर किया पोस्ट
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए लिखा, 'देशभर के आंदोलनकारियों के सूचनार्थ! भाजपा और उनके संगी-साथियों के दुर्व्यवहार, दुर्वचनों और हिंसा को सब देख लें. इनका दुस्साहस देखिए कि अभी युवाओं को वचन दिए हुए चंद घंटे भी नहीं हुए हैं और ये भाजपाई अपने इतिहास को दोहराते हुए फिर से धोखा दे रहे हैं.'
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े लोग अपने शीर्ष नेतृत्व के दिए गए आश्वासन का पालन नहीं कर रहे हैं. अखिलेश यादव ने लिखा, "भाजपा के ये संस्कारी नेताजी अपने शीर्ष नेतृत्व के दिये गये आश्वासन की सरेआम धज्जियाँ उड़ा रहे हैं और वीडियो भी बना रहे हैं. अब क्या ये भी डबल इंजन की टकराहट के कारण हो रहा है. तुरंत गिरफ्तारी हो! भाजपाई तो अपने वचन के भी सगे नहीं हैं. भरोसे का विलोम भाजपा!'
वायरल वीडियो को लेकर बढ़ा विवाद
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित नाम का युवक दो छात्रों के साथ बहस करता और उन्हें थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि दोनों छात्र दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में जा रहे थे.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि सार्वजनिक स्थान पर छात्रों के साथ कथित मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
सत्यम पंडित की पोस्ट के बाद विवाद बढ़ा
जानकारी के मुताबिक, वीडियो सामने आने के बाद विवाद और बढ़ गया. दावा किया जा रहा है कि सत्यम पंडित ने अपने फेसबुक अकाउंट से वीडियो शेयर किया था और उसके साथ एक टिप्पणी भी लिखी थी. इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं और मामले ने तेजी पकड़ ली. वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों छात्र खुद को छात्र आंदोलन का समर्थक बता रहे हैं. हालांकि, वीडियो की पूरी और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
आरोपी के पुराने विवादों का भी जिक्र
वायरल वीडियो के बाद सत्यम पंडित की सोशल मीडिया प्रोफाइल और पुराने मामलों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. जानकारी के अनुसार, वह गाजियाबाद का रहने वाला है और अपनी प्रोफाइल में खुद को 'हिंदू वीर सेना' का अध्यक्ष बताता है. बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसका नाम कुछ विवादों में सामने आ चुका है. अगस्त 2024 में बांग्लादेशी और रोहिंग्या समुदाय को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में उसकी गिरफ्तारी की बात सामने आई थी. वहीं फरवरी 2026 में मीट की दुकानों को बंद कराने के दौरान कथित मारपीट के मामले में भी पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने आई थी.
अखिलेश के बयान के बाद सियासी घमासान तेज
इस पूरे मामले पर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. सपा प्रमुख ने इस घटना को युवाओं और आंदोलनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार से जोड़ते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए और कानून व्यवस्था के तहत आरोपी के खिलाफ कदम उठाए जाने चाहिए.
ADVERTISEMENT











