देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, 2 पेज का लिखा लेटर

दीक्षा सिंह

25 Jul 2026 (अपडेटेड: 25 Jul 2026, 02:37 PM)

इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया है. इसकी जानकारी धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर खुद दी है. 

Dharmendra Prradhan

Dharmendra Prradhan

Google CTA

देश में NEET-UG परीक्षा को लेकर जारी भारी राजनीतिक घमासान और जंतर-मंतर पर छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बीच इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लेटर पोस्ट करके दी. धर्मेंद्र प्रधान ने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दिया है. पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नहीं चाहते कि जंतर-मंतर और देश भर में बनी स्थिति का लाभ कोई राष्ट्रविरोधी ताकत उठाए या हमारे देश के विद्यार्थियों का भविष्य कानूनी पेचीदगियों में उलझे.

यह भी पढ़ें...

दो पेज के लेटर में धर्मेंद्र प्रधान ने क्या लिखा

अपने पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि '3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा में अनियमिताएं सामने आई थीं. इसका संज्ञान लेते हुए भारत सरकार ने तुरंत जांच CBI को सौंपी और परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराई. इसके साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को CBT (Computer-Based Test) मोड में आयोजित करने का निर्णय लिया गया.

उन्होंने बताया कि 20 लाख से अधिक छात्रों की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और 16 जुलाई को परिणाम घोषित हुए. उन्होंने कहा 'पहले ही दिन से मैंने इसकी नैतिक जिम्मेदारी ली और परिस्थिति से कभी मुंह नहीं मोड़ा। हमारा संकल्प था कि किसी मेधावी छात्र की संभावना परीक्षा माफिया के कारण खराब न हो.'

'जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने अड़चनें डालीं'

पत्र में शिक्षा मंत्री ने दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि प्रक्रिया पारदर्शी रहने के बावजूद कई जिम्मेदार पदों पर बैठे व्यक्तियों ने छात्रों को गुमराह करने और बाधा डालने की कोशिश की जिससे उनका मन अत्यंत व्यथित हुआ.

इस्तीफे की मुख्य वजह बताते हुए उन्होंने पत्र में लिखा 'पिछले 10 दिनों का घटनाक्रम देखकर मेरा मन दुखी है. यह मेरे लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है. जंतर-मंतर पर और देश में जो स्थिति बनी है उसका राष्ट्रविरोधी ताकतें लाभ न उठाएं, देश की एकता बनी रहे और भारत का एक भी विद्यार्थी कानूनी पेचीदगियों में न उलझे,इसी बात पर विचार करते हुए मैंने अपना त्यागपत्र माननीय प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है.'

PM मोदी और सहयोगियों का आभार

धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और निरंतर सहयोग के लिए हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की. साथ ही उन्होंने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद दिया. उन्होंने अंत में लिखा कि प्रभु श्री जगन्नाथ जी के आशीर्वाद से वे आगे भी भारत माता, ओडिशा की जनता और देश के युवाओं की सेवा में समर्पित रहेंगे.