जंतर मंतर पर चल रहे प्रोटेस्ट के बीच भाजपा यूपी अध्यक्ष पंकज चौधरी लखनऊ में NEET स्टूडेंट्स से मिले, दे दिया बड़ा मैसेज

यूपी तक

• 12:18 PM • 25 Jul 2026

NEET पेपर लीक विवाद के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली का भरोसा दिलाते हुए पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया.

Pankaj Chaudhary meet Students

Pankaj Chaudhary meet Students

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर जारी छात्र आंदोलन की आंच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति तक पहुंच गई है. दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों में यूपी के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय हैं और आंदोलन के जरिए सरकार को घेरने में लगे हैं. प्रदेश भर के जिलों में भी धरना-प्रदर्शन का दौर जारी है. इस बीच लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने NEET के सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से मुलाकात की. 

यह भी पढ़ें...

विपक्ष का हमला और सड़क पर उतरने की रणनीति

विपक्ष के हमलों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि NEET जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाना छात्रों की कड़ी मेहनत और उनके परिवारों के त्याग का परिणाम है.

दोषियों पर सख्त एक्शन और पारदर्शी व्यवस्था का वादा

छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए पंकज चौधरी ने साफ किया कि 'सरकार एक पारदर्शी, निष्पक्ष और पूरी तरह से विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है. युवाओं का भरोसा परीक्षा व्यवस्था पर बना रहे, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है. पेपर लीक या धांधली में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.'

इस संवाद कार्यक्रम के जरिए भारतीय जनता पार्टी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि सरकार न केवल मेधावी छात्रों के प्रोत्साहन के साथ खड़ी है बल्कि परीक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह संवेदनशील है.