कौन हैं भाजपा विधायक केतकी सिंह जिन्होंने बलिया में बांह पकड़कर XEN पंकज भारती को घसीटा!

अनिल अकेला

• 11:38 AM • 24 Jul 2026

Ballia News: बलिया के शाहपुरवा गांव में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार खेत में गिरने से पिता-पुत्र की करंट लगने से मौत हो गई. हादसे के बाद बीजेपी विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई.

BJP MLA Ketki Singh

BJP MLA Ketki Singh

Google CTA

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार खेत में गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में पानी भरा होने की वजह से पहले बेटे की करंट लगने से मौत हो गई. उसे बचाने पहुंचे पिता भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी जान चली गई. घटना के बाद स्थानीय बीजेपी विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई.

यह भी पढ़ें...

यह पूरा मामला बांसडीह थाना क्षेत्र के शाहपुरवा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार खेत में गिर गया. खेत में पानी भरा होने के कारण राजेश यादव करंट की चपेट में आ गए. बेटे को बचाने के लिए उनके पिता जनार्दन यादव दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए. इस हादसे में पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई.

घटनास्थल पर पहुंचीं विधायक केतकी सिंह

दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही बांसडीह से बीजेपी विधायक केतकी सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं. वहां उन्होंने बिजली विभाग के एक्सईएन पंकज भारती की बांह पकड़कर उन्हें घटनास्थल तक ले गईं और लापरवाही को लेकर कड़ी नाराजगी जताई. विधायक का कहना था कि बिजली विभाग को कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन विभाग ने समय रहते सुधार नहीं किया, जिसके चलते इतना बड़ा हादसा हो गया.

पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढस

घटना के बाद विधायक केतकी सिंह पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचीं. उन्होंने रोती-बिलखती महिला को गले लगाकर सांत्वना दी. बताया गया कि इस हादसे के बाद परिवार में अब केवल एक बेटी ही बची है, क्योंकि बच्चों की मां का पहले ही निधन हो चुका है.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि बिजली व्यवस्था की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन उन पर ध्यान नहीं दिया गया.

बिजली विभाग ने क्या कहा?

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिजली विभाग के एसी प्रदीप वर्मा ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

कौन हैं बीजेपी विधायक केतकी सिंह?

बलिया जिले की रहने वाली केतकी सिंह भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं. उनका जन्म 21 जुलाई 1984 को बलिया में हुआ था. उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है और उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है.

केतकी सिंह ने मार्च 2022 में पहली बार बांसडीह विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव जीता और उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा की सदस्य बनीं. उनकी विशेष रुचि संगीत, खेल, गिटार बजाने और पेंटिंग में है. वह के.डी. सिंह शिक्षण संस्थान की सदस्य भी हैं.