योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में दलित समाज के नेता और अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट से विधायक सुरेंद्र दिलेर ने भी मंत्री पद की शपथ ली. यूपी Tak से ख़ास बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व का आभार जताते हुए इसे सामाजिक सहभागिता की जीत बताया.
ADVERTISEMENT
'जल्दी मिला बड़ा मौका'
सुरेंद्र दिलेर ने मंत्री बनने पर आश्चर्य और खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मुझे तो डेढ़ साल मात्र विधायक बने हुआ है. मुझे लगता है जल्दी मंत्री बना दिया गया." उन्होंने इसे भाजपा की कार्यशैली का हिस्सा बताया, जहां कार्यकर्ताओं के काम को प्राथमिकता दी जाती है.
सुरेंद्र दिलेर ने कहा, "मुझसे पहले अनूप वाल्मीकि जी मंत्री थे. अब वह सांसद निर्वाचित हो चुके हैं, इसलिए उनकी जगह मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है."
उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा हर समाज के व्यक्ति के लिए सोच-समझकर काम करती है. विकास कार्यों में हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना और हर समाज के व्यक्ति को मंत्रिमंडल में जगह देना बीजेपी की 'सबको साथ लेकर चलने' की नीति का प्रमाण है.
अखिलेश यादव को जवाब- 2027 में कोई चुनौती नहीं
विपक्ष, खासकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मंत्रिमंडल विस्तार पर की जा रही टिप्पणियों पर दिलेर ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव के अपने विचार हैं, वह कुछ भी बोल सकते हैं. लेकिन धरातल की सच्चाई यह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हमारे सामने कोई चुनौती नहीं है."
ADVERTISEMENT









