UP News: उत्तर प्रदेश में हुए योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बीजेपी के अंदर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. पूर्व बीजेपी सांसद और बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है. माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में बेटे प्रतीक सिंह को जगह नहीं मिलने से बृजभूषण शरण सिंह नाराज हैं.
ADVERTISEMENT
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “शोहरत की बुलंदी भी पल भर का तमाशा है, जिस शाख पर बैठे हो वह टूट भी सकती है.” उनके इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गईं कि यह तंज कहीं योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तो नहीं है.
प्रतीक सिंह को मंत्री बनाए जाने की थी चर्चा
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक बृजभूषण शरण सिंह अपने बेटे प्रतीक सिंह को मंत्रिमंडल में जगह दिलाना चाहते थे. हालांकि उन्होंने कभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की, लेकिन लंबे समय से उनके समर्थकों के बीच यह चर्चा चल रही थी कि कैबिनेट विस्तार में प्रतीक सिंह को मौका मिल सकता है.
ठाकुर चेहरे को जगह न मिलने पर बढ़ी चर्चा
माना जा रहा है कि इस बार हुए मंत्रिमंडल विस्तार में जिन आठ नेताओं को जगह मिली, उनमें किसी बड़े ठाकुर चेहरे को शामिल नहीं किया गया. इसी वजह से बृजभूषण शरण सिंह का यह पोस्ट राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है.फिलहाल बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बृजभूषण शरण सिंह के पोस्ट ने यूपी की राजनीति में नई चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है.
ADVERTISEMENT









