UP Political News: यूपी Tak का खास शो 'आज का यूपी' हाजिर है, जिसमें हम राज्य की तीन बड़ी खबरों का विश्लेषण करते हैं. आज के इस अंक में हमारी पहली बड़ी खबर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को लेकर है, जहां जमीन खरीद मामले में कांग्रेस द्वारा घेरे जाने पर अखिलेश यादव उनके 'समर्थन' में उतर आए हैं और इस पर असदुद्दीन ओवैसी ने तीखा हमला बोला है. दूसरी खबर ओवैसी के उस बड़े सियासी बयान पर है, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव के इस कदम को 'यादव समाजवाद' करार देते हुए मुस्लिम राजनीति से जोड़कर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं, हमारी तीसरी बड़ी खबर अयोध्या राम मंदिर में हुए चढ़ावे और सीसीटीवी चोरी के मामले में 'टिन्नू यादव' का नाम आने पर अखिलेश यादव की तीखी प्रतिक्रिया को लेकर है, जहां उन्होंने सरनेम के आधार पर रिश्तेदारों से नाम जोड़ने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है.
ADVERTISEMENT
मोहन यादव के 'समर्थन' में कूदे अखिलेश यादव: बीजेपी की साजिश का लगाया आरोप
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जब उज्जैन के आसपास की जमीनों की खरीद के मामले में कांग्रेस और विपक्ष के निशाने पर आए, तो उत्तर प्रदेश की सियासत में एक चौंकाने वाला मोड़ देखने को मिला. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव खुलकर मोहन यादव के बचाव में उतर आए हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि मोहन यादव को बदनाम करने के लिए खुद बीजेपी के भीतर एक बड़ी साजिश रची जा रही है.
अखिलेश यादव ने तर्क देते हुए कहा कि मोहन यादव मुख्यमंत्री बनने से पहले लंबे समय से रियल एस्टेट और जमीनों के कारोबार से जुड़े थे, इसलिए उनके जमीन खरीदने में कोई नई बात नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर भी 300 से 600 एकड़ जमीन लेने का आरोप मढ़ा. अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व असल में तीन राज्यों के मुख्यमंत्री बदलना चाहता है और इसी का रास्ता ढूंढने के लिए मोहन यादव पर ऐसे आरोप लगवाए जा रहे हैं.
ओवैसी का अखिलेश पर बड़ा हमला: बोले- 'सपा का समाजवाद असल में यादव समाजवाद है'
अखिलेश यादव द्वारा भाजपा के मुख्यमंत्री मोहन यादव का यह बचाव करना इंडिया गठबंधन के सहयोगियों और विपक्षी नेताओं के गले नहीं उतर रहा है. इसी कड़ी में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने एक मीडिया रिपोर्ट को साझा करते हुए अखिलेश यादव पर बेहद तीखा हमला बोला. ओवैसी ने तंज कसते हुए लिखा, "मोहन जी के सम्मान में अखिलेश भैया मैदान में, एक भाई बस अपना कर्तव्य निभा रहा है."
ओवैसी ने दोनों नेताओं के 'यादव' सरनेम और स्वजातीय होने को मुद्दा बनाते हुए मुस्लिम वोटरों को संदेश देने की कोशिश की है. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जब आए दिन मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है या झूठे इल्जामों में जेल भेजा जाता है, तब अखिलेश यादव चुप्पी साध लेते हैं. लेकिन भाजपा के एक मुख्यमंत्री के लिए उनके दिल में इतनी हमदर्दी जाग जाती है. ओवैसी ने सीधे तौर पर कहा कि समाजवादी पार्टी का समाजवाद और कुछ नहीं बल्कि सिर्फ 'यादव समाजवाद' है.
राम मंदिर चोरी मामले में 'यादव सरनेम' पर बिफरे अखिलेश: कहा- 'घटिया राजनीति कर रही बीजेपी'
अयोध्या के राम मंदिर परिसर में हुए भ्रष्टाचार, चढ़ावे की चोरी और सीसीटीवी फुटेज गायब होने के मामले में जब 'टिन्नू यादव' नामक एक शख्स का नाम सामने आया, तो इस पर भी उत्तर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है. अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सत्तापक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बीजेपी इस मामले में बेहद घटिया दर्जे की राजनीति पर उतर आई है.
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रभु श्री राम के स्थान पर इतना बड़ा भ्रष्टाचार और महापाप हुआ है, सीसीटीवी के फुटेज तक गायब कर दिए गए हैं, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है. उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए कि उस आरोपी के नाम के पीछे 'यादव' सरनेम लगा हुआ है, भाजपा के लोग उसे जबरन मेरा रिश्तेदार बताने में जुट गए हैं. उन्होंने साफ किया कि जाति विशेष को बदनाम करने के लिए यह पूरा ताना-बाना बुना जा रहा है.
ADVERTISEMENT










