BJP List: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश ने अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी इस सूची में कुल 46 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इसमें उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, कार्यालय मंत्री और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हैं. पार्टी का कहना है कि यह नई टीम संगठन को और मजबूत करने के साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देगी.
ADVERTISEMENT
उपाध्यक्ष, महामंत्री और प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति
जारी सूची के अनुसार, 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं. प्रमुख नियुक्तियों में रामप्रताप सिंह चौहान को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है. वहीं गीता शाक्य, अरविंद मिश्र, उपेन्द्र रावत, मयंक राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और रोगेश चौधरी को भी महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रदेश उपाध्यक्षों में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है. संगठन ने इस सूची में अनुभवी और नए चेहरों को संतुलित रूप से जगह दी है.
छह क्षेत्रों के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित
भाजपा ने उत्तर प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों के लिए भी क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की है. इनमें पश्चिम क्षेत्र के लिए नवाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र के लिए दुर्वल लाल लोधी, कानपुर क्षेत्र के लिए प्रकाश किशोर शाक्य, अवध क्षेत्र के लिए प्रबोध त्रिपाठी, काशी क्षेत्र के लिए हरीश द्विवेदी और गोरखपुर क्षेत्र के लिए विनीत राय को जिम्मेदारी दी गई है.
मोर्चा अध्यक्षों और संगठनात्मक प्रकोष्ठों की सूची
युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोहित मिश्रा बनाए गए हैं, जबकि पिछड़ा मोर्चा की जिम्मेदारी प्रकाश पाल को दी गई है. किसान मोर्चा का नेतृत्व देवेंद्र सिंह करेंगे, अनुसूचित मोर्चा की जिम्मेदारी अशोक रावत और महिला मोर्चा का नेतृत्व सरोज कुशवाहा को सौंपा गया है. अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष विष्णुकांत गौड़ बनाए गए हैं.
इसके अलावा भारत दीक्षित को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है, जबकि अतुल अग्रहरी और लक्ष्मण सिंह को कार्यालय सह-मंत्री बनाया गया है.
मीडिया और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ में भी नई जिम्मेदारियां
संगठनात्मक ढांचे में मीडिया और सोशल मीडिया प्रकोष्ठ में भी बदलाव किए गए हैं. दिशेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है. वहीं मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और शिशुपाल राय पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भाजपा प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि नई टीम संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ आने वाले समय में राजनीतिक रणनीति को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
ADVERTISEMENT










