BJP नेता आशा मौर्य के बदले सुर, नए मंत्रीमंडल से नाराज होकर किया था फेसबुक पोस्ट, अब कहने लगीं ये बात

यूपी तक

10 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:21 PM)

Asha Maurya News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बीजेपी विधायक आशा मौर्य के सुर बदलते नजर आ रहे हैं.

BJP Leader Asha Maurya

BJP Leader Asha Maurya

Google CTA

UP News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद बीजेपी विधायक आशा मौर्य के सुर बदलते नजर आ रहे हैं. मंत्री न बनाए जाने के बाद जहां उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए नाराजगी जाहिर की थी, वहीं अब उनके नए फेसबुक पोस्ट में पार्टी और संगठन के प्रति समर्पण की बात सामने आई है. दरअसल, सीतापुर की महमूदाबाद सीट से विधायक आशा मौर्य का नाम मंत्रिमंडल विस्तार से पहले संभावित मंत्रियों की सूची में चर्चा में था. लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि शायद अब पार्टी को मौर्य समाज की जरूरत नहीं रह गई है और बाहर से आए दलबदलुओं को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है. इस पोस्ट को उनकी नाराजगी के तौर पर देखा गया था.

यह भी पढ़ें...

अब बदले नजर आए आशा मौर्य सुर

पोस्ट करने के कुछ समय बाद आशा मौर्य ने नया पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सभी शुभचिंतकों, समर्थकों और समाज के लोगों का धन्यवाद किया. उन्होंने लिखा कि लोगों का प्रेम, आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. आशा मौर्य ने अपने पोस्ट में कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से पार्टी और संगठन के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करती रही हैं और आगे भी करती रहेंगी. उन्होंने लिखा कि समाज और संगठन के लिए उनका संघर्ष और समर्पण लगातार जारी रहेगा. हालांकि नए पोस्ट में उन्होंने सीधे तौर पर नाराजगी नहीं जताई, लेकिन दर्द जरूर दिखाई दिया. उन्होंने लिखा कि एक समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते वर्षों की मेहनत और संघर्ष भावनात्मक रूप से जुड़ा होता है, इसलिए मन में थोड़ी पीड़ा होना स्वाभाविक है. लेकिन यह पीड़ा उनके संकल्प को कमजोर नहीं करेगी.

पुराने पोस्ट में ये लिखा था

अपने पुराने पोस्ट में आशा मौर्य ने नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा था कि लगता है अब पार्टी को मौर्य समाज की आवश्यकता नहीं रह गई है और बाहर से आए दलबदलुओं को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा था कि वर्षों तक पार्टी और संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करने के बावजूद उन्हें नजरअंदाज किया गया. साथ ही उन्होंने यह भी लिखा था कि वह अपने समाज और सम्मान की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेंगी.

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज

आशा मौर्य के पहले और दूसरे पोस्ट को लेकर अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. माना जा रहा है कि मंत्रीमंडल में जगह न मिलने से समर्थकों में निराशा जरूर है, लेकिन नए पोस्ट के जरिए उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाने की कोशिश की है. फिलहाल बीजेपी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.