योगी कैबिनेट विस्तार से पहले गरमाई यूपी की राजनीति, अखिलेश यादव ने 'जनता की तरफ' से पूछे ये 11 सवाल

UP Politics News: उत्तर प्रदेश में आज होने वाले योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सियासी माहौल गरमा गया है.समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए योगी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है.

Akhilesh Yadav (File Photo)

यूपी तक

• 11:45 AM • 10 May 2026

follow google news

UP Politics News: उत्तर प्रदेश में आज होने वाले योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सियासी माहौल गरमा गया है.समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए योगी सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है और जनता की ओर से 11 सवाल पूछ डाले. उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई सवाल उठाए और बीजेपी की रणनीति पर तंज कसा. अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में केवल 6 सीटें खाली हैं, जबकि दूसरे दलों से बीजेपी में आने वाले नेताओं की संख्या इससे ज्यादा है. उन्होंने सवाल किया कि क्या सभी दल-बदल कर आए नेताओं को मंत्री बनाया जाएगा? अगर किसी एक समाज से कई विधायकों में से सिर्फ एक को चुना जाएगा तो उसका आधार क्या होगा?
 

यह भी पढ़ें...

उन्होंने यह भी कहा कि बाकी नेताओं की उपेक्षा होने पर क्या उन्हें किसी तरह शांत कराया जाएगा या फिर उन्हें यह अहसास करा दिया जाएगा कि बीजेपी किसी की सगी नहीं होती. अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए लिखा कि जो लोग मंत्री बनने का लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं, उनका क्या होगा. वर्तमान मंत्रियों के विभाग बदले जाने की चर्चा पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर किसी मंत्री से विभाग छीना जाता है तो जनता के बीच यही संदेश जाएगा कि वह मंत्री अपने काम में नाकाम रहा. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मंत्री बिना चुनाव लड़े ही जनता के बीच कमजोर पड़ सकते हैं. अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार, अत्याचार, महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने लिखा कि आखिरी 9 महीनों में सरकार ऐसा क्या कर लेगी जो 9 साल में नहीं कर सकी.

आज लोकभवन में होगा शपथ ग्रहण

वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार अपने बड़े राजनीतिक दांव की तैयारी में जुटी है. लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर लग चुकी है और आज रविवार दोपहर लखनऊ के लोकभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात भी की थी.

इन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में

मंत्रिमंडल विस्तार में पश्चिम यूपी से आने वाले सोमेंद्र तोमर को कैबिनेट या स्वतंत्र प्रभार मिल सकता है. वहीं पाल बिरादरी से आने वाले अजीत पाल का कद भी बढ़ाया जा सकता है. इसके अलावा कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक और लोधी समाज के नेता कैलाश राजपूत, अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक और वाल्मीकि समाज से आने वाले सुरेंद्र दिलेर, रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडेय, मुरादाबाद के जाट नेता भूपेंद्र चौधरी, फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान और वाराणसी से एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा के नाम चर्चा में बने हुए हैं.

बीजेपी का सामाजिक संतुलन साधने पर फोकस

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए ब्राह्मण, जाट, दलित, पासी, वाल्मीकि और अति पिछड़े वर्ग को साधने की कोशिश कर रही है. बताया जा रहा है कि कुल 8 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिनमें 6 नए चेहरे शामिल होंगे. साथ ही दो राज्य मंत्रियों को प्रमोशन देकर कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है. फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और योगी सरकार के नए राजनीतिक संदेश पर टिकी हुई हैं.