समाजवादी पार्टी में आने के लिए बेचैन हैं ओपी राजभर... सपा सांसद रूचि वीरा ने सामने आकर कर दिया ये बड़ा दावा!

SP MP Ruchi Veera: समाजवादी पार्टी सांसद रुचि वीरा ने मुरादाबाद पीडीए सम्मेलन में न बुलाए जाने पर नाराजगी जताई. उन्होंने ओम प्रकाश राजभर पर पलटवार करते हुए दावा किया कि वह खुद सपा में वापसी के लिए प्रयासरत हैं. साथ ही पार्टी में गुटबाजी फैलाने के आरोप भी लगाए.

SP MP Ruchi Veera

SP MP Ruchi Veera

जगत गौतम

• 08:07 PM • 19 Jun 2026

follow google news

SP MP Ruchi Veera: समाजवादी पार्टी की मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा ने सियासी गलियारों में एक बड़ा दावा करके हलचल मचा दी है. मुरादाबाद में आयोजित पीडीए सम्मेलन में आमंत्रित न किए जाने से नाराज सांसद रुचि वीरा ने सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के सपा में अंदरूनी कलह वाले ट्वीट पर तीखा पलटवार किया है. रुचि वीरा ने दावा किया कि राजभर को कोई गंभीरता से न ले. क्योंकि उनके पास विश्वस्त सूत्रों से जानकारी है कि राजभर खुद दोबारा समाजवादी पार्टी में आने के लिए बेचैन हैं और लगातार संपर्क साध रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने मुरादाबाद सपा में गुटबाजी फैलाने के लिए पार्टी के ही एक बाहरी नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

'होर्डिंग से फोटो गायब थी, मुझे बुलाने की मंशा ही नहीं थी'

मुरादाबाद में हुए पीडीए सम्मेलन में अपनी अनुपस्थिति पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए सांसद रुचि वीरा ने साफ किया कि उन्हें जानबूझकर इस कार्यक्रम से दूर रखा गया. उन्होंने आयोजकों और इसके पीछे के सिंडिकेट पर निशाना साधते हुए कहा 'कार्यक्रम के आयोजकों ने मुझे किसी भी तरह की कोई सूचना या निमंत्रण नहीं दिया था. इलाके में लगे किसी भी होर्डिंग, पोस्टर या बैनर पर मेरी तस्वीर नहीं थी. यह साफ दर्शाता है कि जो लोग पीछे से इस कार्यक्रम की फंडिंग और संचालन कर रहे थे उनकी मंशा मुझे बुलाने की थी ही नहीं.'

रुचि वीरा ने कहा कि वह मुरादाबाद की पहली महिला सांसद और जिले में सपा की इकलौती महिला जनप्रतिनिधि हैं. ऐसे में उन्हें अपनी ही कॉन्स्टिट्यूएंसी (संसदीय क्षेत्र) के कार्यक्रम में न बुलाना महिला विरोधी सोच को उजागर करता है.

'अखिलेश यादव नहीं पार्टी का एक नेता फैला रहा है गंदगी'

इस दौरान सपा सांसद ने साफ किया कि यह भेदभाव समाजवादी पार्टी या राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच का हिस्सा नहीं है. उन्होंने कहा 'अखिलेश यादव जी महिलाओं का पूरा सम्मान करते हैं. हमारी पार्टी में उत्तर प्रदेश से 5 महिला सांसद हैं. जबकि भाजपा जैसी बड़ी पार्टी में केवल एक महिला सांसद है. यह गौरव हमें अखिलेश जी ने ही दिया है. लेकिन मुरादाबाद में हमारी पार्टी का ही एक नेता है जो महिला विरोधी है और एक षड्यंत्र के तहत यहां गंदगी व गुटबाजी फैला रहा है.'

उन्होंने बिना नाम लिए आरोप लगाया कि एक 'बाहरी नेता' मुरादाबाद जनपद में आकर पार्टी को कमजोर करने का काम कर रहा है. वह लोगों से कह रहा है कि मेरा फोटो मत लगाओ, उसे मत बुलाओ. रुचि वीरा ने कहा कि वह जल्द ही दिल्ली या लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर इस व्यक्ति को मुरादाबाद से हटाकर उसके खुद के जिले में वापस भेजने की मांग करेंगी.

राजभर के अहीर-अल्पसंख्यक वाले तंज पर पलटवार

ओम प्रकाश राजभर द्वारा सोशल मीडिया पर पीडीए को 'पीट का अहीर और पीठ का अल्पसंख्यक' बताने और सपा की अंदरूनी कलह उजागर होने के ट्वीट पर सांसद रुचि वीरा ने करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि राजभर के बयानों में कोई दम नहीं है. सपा में न तो कोई कलह है और न ही कोई तोड़फोड़ चल रही है. उन्होंने आगे कहा 'पीडीए का असली मतलब लोगों को जोड़ना है चाहे वो दलित हों, महिलाएं हों, युवा हों, किसान हों या अल्पसंख्यक हों. यह जोड़ने का मंच है, छोड़ने का नहीं.'

अखिलेश यादव से मांगा समय

रुचि वीरा ने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा अटूट है और संगठन से उनका कोई शिकवा-शिकायत नहीं है. मुरादाबाद में चल रही इस गुटबाजी से जिले को बचाने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने का समय मांगा है. जैसे ही अखिलेश यादव उपलब्ध होंगे वह उन्हें इस पूरे घटनाक्रम और मोहरों के पीछे छिपे असली चेहरे की हकीकत से रूबरू कराएंगी ताकि पार्टी को नुकसान पहुंचने से बचाया जा सके.