'माफिया को मिट्टी में मिलाकर...', महोबा में गरजे CM योगी, 697 करोड़ की 88 परियोजनाओं की दी सौगात

आशीष श्रीवास्तव

21 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Bundelkhand Development News: महोबा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड के विकास, जल संरक्षण, एक्सप्रेसवे, रक्षा क्षेत्र और कनेक्टिविटी पर सरकार के काम गिनाए.

CM Yogi Mahoba Speech

CM Yogi Mahoba Speech (Photo: AI Generated)

Google CTA

CM Yogi Mahoba Speech News: महोबा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड के विकास, जल संरक्षण, एक्सप्रेसवे, रक्षा क्षेत्र और कनेक्टिविटी पर सरकार के काम गिनाए. साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नकारात्मक सोच रखने वाले लोग विकास और सकारात्मक बदलाव को स्वीकार नहीं कर पाते. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने माफिया राज खत्म कर बुंदेलखंड को नई पहचान दिलाई है.

यह भी पढ़ें...

सीएम बोले-बुंदेलखंड को नई पहचान दी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'गोरखगिरी एडवेंचर टूरिज्म बने, महोबा को पहचान दें, यहां निकलने वाले पत्थर को पहचान दें. यह सिर्फ नींव नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका का निर्वहन करता है.' उन्होंने महोबा की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यहां का देशवारी पान अब जियो टैग के जरिए वैश्विक पहचान हासिल कर चुका है. उन्होंने कहा, 'जब पान की बात आती है तो मुझे महोबा का देसवारी पान याद आता है. आल्हा-ऊदल जैसे वीर इसी धरती पर पैदा हुए और गुरु गोरखनाथ ने यहां लंबे समय तक पूजा की थी. इसलिए मैं यहां की परंपरा को नमन करता हूं.'

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'बुन्देलखण्ड को बदनाम किया गया था. यहां भू और खनिज माफिया हावी थे. माफिया को मिट्टी में मिलाकर बुंदेलखंड को एक्सप्रेस-वे से जोड़ने का काम हमारी सरकार ने किया है. मुझे महोबा और चरखारी में आकर खुशी होती है कि यहां जल संरक्षण का कार्य हो रहा है. माफिया को मिट्टी में मिलाने का संकल्प लिया था, आज एक्सप्रेसवे बन रहा है.'

किसानों का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'जल संरक्षण के लिए चंदेल कालीन राजाओं की तर्ज पर आगे बढ़ेंगे. यहां बनी ब्रह्मोस मिसाइल जब ऑपरेशन सिंदूर में दागी गई तो पाकिस्तान घबड़ाने लगा.' उन्होंने कहा कि कबरई क्षेत्र के जिन किसानों ने डैम निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी, उन्हें वर्षों तक मुआवजा नहीं मिला, लेकिन उनकी सरकार ने उन किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया. साथ ही उन्होंने कहा, 'युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की उलटी गिनती शुरू होना तय है.'

केन-बेतवा परियोजना और विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा, 'प्रदेश में उत्सव के पहले उपद्रव होता था. विकास की योजनाएं ठप पड़ी थीं. महोबा, बांदा, झांसी और हमीरपुर की कनेक्टिविटी नहीं थी. भारत की सबसे लंबी केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड में पूरी होने की ओर है. इसके पूरा होने से पानी की समस्या का समाधान होगा.'

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'जो लोग कब्जा करने की प्रवृत्ति रखते हैं और समाज में नकारात्मकता फैलाते हैं, उनकी सोच और मानसिकता दूषित होती है. ऐसे लोगों की आत्मा और बुद्धि मलिन हो चुकी है, इसलिए वे विकास और सकारात्मक परिवर्तन को स्वीकार नहीं कर पाते.' मुख्यमंत्री ने कहा कि नकारात्मक और स्वार्थी सोच के कारण पहले प्रदेश विकास से दूर रहा. उन्होंने कहा, 'मेरी सरकार सकारात्मक सोच, सुशासन और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ भ्रम और नकारात्मकता फैलाने में लगा है.'