CM योगी के भाषण के बीच कुर्सी फेंक कर चले गये बीजेपी MLC डॉ. बाबूलाल तिवारी...,  पहली पंक्ति में कुर्सी नहीं मिलने पर थे नाराज!

Babulal Tiwari MLC Video:  झांसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुई एक घटना चर्चा का विषय बन गई है. विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान झांसी-प्रयागराज शिक्षक एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी कथित तौर पर सीटिंग व्यवस्था से नाराज हो गए.

Babulal Tiwari MLC News

Babulal Tiwari MLC News

प्रमोद कुमार गौतम

21 Jun 2026 (अपडेटेड: 21 Jun 2026, 03:40 PM)

follow google news

CM Yogi Jhansi Speech Video: झांसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान मंच पर हुई एक घटना चर्चा का विषय बन गई है. विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान झांसी-प्रयागराज शिक्षक एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी कथित तौर पर सीटिंग व्यवस्था से नाराज हो गए. इस दौरान उन्होंने मंच पर रखी कुर्सी फेंक दी और वहां से चले गए. हालांकि कुछ देर बाद वह वापस लौटे और पीछे की पंक्ति में जाकर बैठ गए. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने भी कार्यक्रम में कुर्सी नहीं मिलने को लेकर नाराजगी जताई है.

यह भी पढ़ें...

सीटिंग व्यवस्था को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक दीनदयाल सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उनके पीछे खड़े शिक्षक MLC डॉ. बाबूलाल तिवारी अचानक नाराज हो गए और मंच पर रखी कुर्सी फेंककर वहां से चले गए. बताया गया कि मंच के सीटिंग प्लान के अनुसार डॉ. बाबूलाल तिवारी की कुर्सी पहली पंक्ति में निर्धारित थी, लेकिन उस पर किसी दूसरे नेता के बैठ जाने से स्थिति बदल गई. इसके बाद वह अपनी कुर्सी आगे लाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया, जिससे वह नाराज हो गए. घटना के तुरंत बाद सीएम की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने गिरी हुई कुर्सी उठाकर दोबारा रख दी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन में व्यस्त रहे और उन्हें संभवतः इस घटना की जानकारी नहीं हो सकी. सभागार में मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को देखा और किसी कार्यकर्ता द्वारा बनाया गया वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

डॉ. बाबूलाल तिवारी ने दी अपनी सफाई

घटना के बाद शिक्षक MLC डॉ. बाबूलाल तिवारी ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी. उन्होंने कहा, 'हम शिक्षक और प्रिंसीपल हैं, हमें अनुशासन पसंद है. हम लोग घुसकर फोटो खिंचवाना पसंद नहीं करते हैं. कुछ लोग फोटो प्रेमी हैं. वह अनुशासन बिगाड़ने का काम करते हैं. व्यवस्था में इन लोगों ने कुछ गड़बड़ी फैला दी और घुस गए. जिस पर हमने कहा कि हम पीछे बैठ जाते हैं. इसके बाद हम पीछे बैठ गए. इस पर लोगों को लगा कि पीछे बैठ गए और वह टोकने लगे, जिस पर हमने मना किया और चले गए.'

उन्होंने आगे कहा, 'दरअसल मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम और मेरी कुर्सी नहीं पड़ी थी. मुझे जो कुर्सी मिली, हम उस पर जाकर बैठ गए. कुछ लोगों ने टोका-टाकी की, जिस पर उठकर आ गए और कहा कि यह पड़ी तुम्हारी कुर्सी. इसमें किसी की लापरवाही नहीं है. इस तरह के बड़े आयोजनों में कुछ गड़बड़ी हो जाती है.'

जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी

इस पूरे घटनाक्रम के बीच झांसी के जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने भी कार्यक्रम में कुर्सी नहीं मिलने को लेकर नाराजगी व्यक्त की. वहीं जब इस मामले पर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मंच पर तीसरी पंक्ति थी ही नहीं. उनके अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रोटोकॉल के मुताबिक ही बैठने की व्यवस्था की गई थी. बाबूलाल तिवारी के मंच से चले जाने और जिला पंचायत अध्यक्ष की नाराजगी को लेकर उन्होंने कहा कि उस समय यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था. उन्होंने कहा कि अब पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर इसकी समीक्षा की जाएगी. फिलहाल मंच पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.