मऊ-आनंद विहार ट्रेन उद्घाटन के बीच मंत्री एके शर्मा की इस बात पर भड़के सपा सांसद राजीव राय, अब अखिलेश यादव ने भी सुना दिया

Rajeev Rai Angry: मऊ में ‘मऊ-आनंद विहार ट्रेन’ उद्घाटन समारोह के दौरान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के बयान पर हंगामा मच गया. सपा सांसद राजीव राय नाराज होकर कार्यक्रम छोड़ गए. घटना पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर माहौल बिगाड़ने और बाहरी अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया.

Rajeev Rai Angry

Rajeev Rai Angry

Rajeev Rai Angry: उत्तर प्रदेश के मऊ में 'मऊ-आनंद विहार ट्रेन' के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया जब मंच पर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के भाषण के दौरान ही नारेबाजी शुरू हो गई. इस दौरान मंत्री के एक बयान पर सपा सांसद राजीव राय बुरी तरह भड़क गए और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गए. इस घटना को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस हंगामे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा बाहर के राज्यों के हिस्ट्रीशीटरों को बुलाकर माहौल बिगाड़ रही है. 

यह भी पढ़ें...

मंच पर मिलाया हाथ फिर भाषण के दौरान यूं बिगड़ी बात

कार्यक्रम की शुरुआत में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और सपा सांसद राजीव राय ने मंच पर बेहद शालीनता से एक-दूसरे से हाथ मिलाया था. लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब मंत्री एके शर्मा मंच से भाषण दे रहे थे और सामने मौजूद भीड़ में कुछ लोग लगातार नारेबाजी कर रहे थे. नारेबाजी कर रहे लोगों को शांत कराते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा 'अपनी ऊर्जा बचाकर रखिए अगर कल को कोई आपका प्लॉट कब्जा कर ले तो यह ऊर्जा वहां काम आएगी.'

मंत्री के मुंह से 'जमीन कब्जे' की बात सुनते ही मंच पर बैठे सपा सांसद राजीव राय का पारा चढ़ गया. उन्हें लगा कि यह टिप्पणी उनके और विपक्ष के खिलाफ की गई है जिसके बाद मंच पर ही दोनों नेताओं के बीच तल्खी साफ नजर आने लगी.

कार्यक्रम छोड़ गुस्से में निकले राजीव राय

समारोह खत्म होने के बाद गुस्से में बाहर निकले सांसद राजीव राय ने मीडिया के सामने स्थानीय पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा 'यह जनहित का कार्यक्रम चंद गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों ने हाइजैक कर लिया था. मेरी शालीनता थी कि मंत्री जी आ रहे थे और हम अपने संस्कार के मुताबिक रुक गए. अगर इन अपराधियों को छोड़ दो तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता इन्हें दौड़ा-दौड़ाकर मारेंगे. पुलिस को जवाब देना होगा कि क्या यह कार्यक्रम अपराधियों के लिए आयोजित किया गया था? देश के सबसे बेहतर पुलिस अफसरों में शुमार एडीजी पीयूष मोर्डिया साहब ने खुद मुझे सुबह फोन किया था और कप्तान-डीएम ने भी भरोसा दिया था. लेकिन स्थानीय पुलिस अपराधियों के साथ मिलकर काम कर रही है जिसकी जवाबदेही मैं तय कराऊंगा.'

राजीव राय ने आगे कहा कि 'कार्यक्रम में मऊ की महिलाओं का अपमान हुआ है. मंत्री जी को इसके लिए मऊ की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए. भाजपा के नेता खुद आपस में भी लड़ रहे थे.'

अखिलेश यादव का बड़ा हमला

इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरा है. अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा 'भाजपा बाहर के राज्य के अपराधियों को उप्र में बुलाकर जो वातावरण बिगाड़ रही है वो घोर निंदनीय है. सपा के सांसद श्री राजीव राय के प्रयासों से जन हित में ‘मऊ-आनंद विहार ट्रेन’ चली है. लेकिन उसके उद्घाटन के अवसर पर जानबूझकर माहौल तनावपूर्ण बनाया गया. हंगामा करनेवालों के चेहरों की एआई पहचान-पड़ताल करवाकर तुरंत उनके ख़िलाफ मुकदमा दर्ज हो. ये सब हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं जो प्रदेश में आमंत्रित अपराधी की तरह बेखौफ घूम रहे हैं. ये विपक्ष से अधिक उप्र के मुख्यमंत्री जी के लिए चुनौती है कि यूपी इंटर-स्टेट माफ़ियाओं के लिए सराय-आरामगाह बन गया है. अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मान लिया जाएगा ये सब भाजपा सरकार के इशारे पर हुआ है और भाजपाई ही माफियाई हैं.'