'बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान' BSP कार्यकर्ताओं ने शाह के खिलाफ किया प्रदर्शन तो मायावती ने ये कहा

Mayawati News: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीम राव आंबेडकर के संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया. बसपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है.

यूपी तक

• 06:19 PM • 24 Dec 2024

follow google news

Mayawati News: उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीम राव आंबेडकर के संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को जमकर प्रदर्शन किया और उनके पद से इस्तीफे की मांग की. बता दें कि बसपा प्रमुख मायावती के आह्वान पर यूपी के जिला मुख्यालयों पर बसपा कार्यकर्ताओं ने शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया. अब इस मामले पर खुद मायावती ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. 

यह भी पढ़ें...

मायावती ने कहा, "आज पूरे देश में बीएसपी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व परमपूज्य बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर के उन सभी अनुयाइयों का अति-आभार, शुक्रिया व धन्यवाद जिन्होंने श्री अमित शाह द्वारा किए गए बाबा साहेब के अनादर के विरुद्ध सभी जिला मुख्यालयों पर शान्तिपूर्ण सफल धरना-प्रदर्शन किया.

उन्होंने कहा, "बाबा साहेब विरोधी टिप्पणी वापस नहीं लेने व पश्चाताप नहीं करने पर बीएसपी के आह्वान पर आयोजित ऐसे प्रदर्शन आदि समस्या का स्थाई हल नहीं, बल्कि इसके लिए बहुजनों को सत्ता की मास्टर चाबी प्राप्त करके शासक वर्ग बनकर ही अपना उद्धार स्वंय करने योग्य बनना होगा तभी मुक्ति व सम्मान संभव."

बकौल मायावती, "आज के सफल आन्दोलन से यह साबित है कि भाजपा हो या कांग्रेस या कोई अन्य पार्टी 'बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान’. वास्तव में लोगों के ’अच्छे दिन’ अर्थात् जनहित व जनकल्याण-युक्त देश निर्माण हेतु बाबा साहेब के संविधान पर पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अमल करना जरूरी."

आपको बता दें कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने यूपी की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए. लखनऊ हजरतगंज इलाके में आंबेडकर की प्रतिमा के सामने बसपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और शाह के इस्तीफे की मांग की. नीले झंडे के साथ हाथों में तख्तियां लिये बसपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि शाह माफी मांगें या इस्तीफा दें. उनकी तख्तियों पर “आंबेडकर के सम्मान में, बसपा मैदान में” और “गृहमंत्री अमित शाह, इस्तीफा दें” जैसे नारे लिखे थे. 

 

 

क्या कहा था अमित शाह ने?

पिछले मंगलवार को संविधान पर राज्यसभा में बहस का जवाब देते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था, "अभी एक फैशन बन गया है...आंबेडकर, आंबेडकर...इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता."