विधानसभा चुनाव के लिए माधोगढ़ सीट से बसपा का टिकट मिलने के बाद सामने आया आशीष पांडेय का पहला रिएक्शन

UP News: माधोगढ़ सीट से बसपा प्रत्याशी आशीष पांडेय का इंटरव्यू. सपा पर संविधान के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप और बंद चीनी मिल को चालू कराने का वादा. जानें 2027 का चुनावी ब्लूप्रिंट.

Aashish Pandey

अलीम सिद्दीकी

26 Feb 2026 (अपडेटेड: 26 Feb 2026, 06:18 PM)

follow google news

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है. बहुजन समाज पार्टी ने अपनी रणनीति के तहत जालौन की माधोगढ़ विधानसभा सीट से आशिष पांडेय को उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा है. यूपी Tak के साथ खास बातचीत में आशीष पांडेय ने अपनी चुनावी रणनीति और विकास के ब्लूप्रिंट पर विस्तार से चर्चा की.

यह भी पढ़ें...

BSP के बुरे दौर और वोट शिफ्टिंग पर दी ये सफाई

जब उनसे बसपा की मौजूदा स्थिति पर सवाल पूछा गया तो आशीष पांडेय ने कहा कि पार्टी किसी बुरे दौर में नहीं है. उन्होंने तर्क दिया, पिछली विधानसभा में बसपा को 14% वोट मिला था. लोकसभा चुनाव में वोट शेयर गिरकर 10% होने का कारण इंडिया गठबंधन (सपा-कांग्रेस) द्वारा फैलाया गया संविधान बदलने का भ्रम था. उन्होंने आरोप लगाया कि इस भ्रम के कारण दलित और मुस्लिम समाज का वोट सपा-कांग्रेस की ओर शिफ्ट हो गया. 

पांडेय ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने कभी संविधान की रक्षा नहीं की, बल्कि बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ीं और महापुरुषों के नाम पर बने जिलों के नाम बदले.

विकास का एजेंडा- बंद चीनी मिल और गुड़ का गौरव

आशिष पांडेय ने स्पष्ट किया कि वह जातिवाद के बजाय विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे. उनके मुख्य एजेंडे में शामिल हैं-

  • माधोगढ़ क्षेत्र की यह चीनी मिल 40-50 साल से बंद है. पांडेय ने कहा कि 2017 में राजनाथ सिंह और 2022 में योगी आदित्यनाथ ने इसे चालू करने का वादा किया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ. इसे चालू कराने के लिए वह आंदोलन भी करेंगे.
  • उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के समय माधोगढ़ का गुड़ इंग्लैंड जाता था. वह इस खोए हुए गौरव और मंडी को वापस लाना चाहते हैं. 
  • स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अभाव में लोग झांसी, कानपुर और ग्वालियर भागते हैं. इसे रोकना उनकी प्राथमिकता है. 
  • पंचनद क्षेत्र को टूरिस्ट प्लेस के रूप में विकसित करना और वहां के डैम प्रोजेक्ट को धरातल पर लाना उनके विजन का हिस्सा है.

आशीष पांडेय ने दावा किया कि उनके क्षेत्र का हर परिवार पलायन से पीड़ित है. वह अपनी माइनिंग और रियल एस्टेट के अनुभव का इस्तेमाल क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए करना चाहते हैं. माधोगढ़ की इस सीट पर बसपा प्रत्याशी का पूरा जोर 'पलायन बनाम विकास' पर टिका नजर आ रहा है. 

ये भी पढ़ें: BSP MLA उमाशंकर सिंह के यहां इनकम टैक्स की रेड तो योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप भड़के, सख्त लहजे में ये सब बोल बैठे