Aradhana Mishra News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बनने के बाद आराधना मिश्रा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. उन्होंने कहा कि 'समय कम है और चुनौतियां ज्यादा हैं', लेकिन कांग्रेस इन चुनौतियों से पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को साथ लेकर आगे बढ़ेगी, गठबंधन धर्म निभाएगी और 2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी. नई जिम्मेदारी देने के लिए उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार भी जताया.
ADVERTISEMENT
इन सबका जताया आभार
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में आराधना मिश्रा से 2027 के चुनाव और गठबंधन को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, 'खड़गे जी, सोनिया गांधी जी, राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी दी है. मैं इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाऊंगी.' उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी उनके नेतृत्व में चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएगी.
आराधना मिश्रा ने क्या कहा?
आराधना मिश्रा ने माना कि इस बार परिस्थितियां आसान नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'समय कम है और चुनौतियां ज्यादा हैं.' 2027 में विधानसभा चुनाव होना है और इसके साथ गठबंधन धर्म निभाने की जिम्मेदारी भी है. ऐसे में कांग्रेस को अपनी चुनावी तैयारी के साथ गठबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों को भी संभालना होगा. आराधना मिश्रा ने साफ किया कि वह इन परिस्थितियों को चुनौती के तौर पर स्वीकार कर रही हैं.
वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को साथ लेकर चलने की बात
आराधना मिश्रा ने कांग्रेस को एक बड़ा परिवार बताते हुए कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मौजूद है और नौजवानों व युवाओं का साथ भी है. उन्होंने कहा, 'कांग्रेस एक बड़ा परिवार है. वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन है और नौजवान और युवा भी साथ हैं. इन सभी को साथ लेकर हम इस चुनौती को पूरा करेंगे.' उनका कहना है कि पार्टी सभी को साथ लेकर अपनी आगे की रणनीति पर काम करेगी.
'चुनौती स्वीकार की है, हराकर भी दिखाएंगे'
2027 के चुनावी रास्ते में आने वाली मुश्किलों को लेकर आराधना मिश्रा ने कहा, 'चुनौतियां तो हर रास्ते में होती हैं. इस रास्ते में भी हैं और आगे भी रहेंगी.' उन्होंने आगे कहा, 'हम इस चुनौती को स्वीकार कर चुके हैं और उसे हराकर भी दिखाएंगे.' उन्होंने भरोसा जताया कि वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को साथ लेकर कांग्रेस गठबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी. उनका लक्ष्य 2027 में 'इंडिया गठबंधन की सरकार' बनाना है.
यह भी पढ़ें- कौन हैं आराधना मिश्रा? जो बन सकती हैं यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, ऐसा रहा उनका सियासी सफर
ADVERTISEMENT











