MLC चुनाव से ठीक पहले सपा का मास्टरस्ट्रोक, आगरा और गोरखपुर में बदले दो प्रत्याशी, BJP के बागी नेता की अचानक एंट्री!

यूपी तक

• 02:24 PM • 03 Oct 2026

यूपी एमएलसी चुनाव से पहले सपा ने गोरखपुर-फैजाबाद और आगरा स्नातक सीटों पर प्रत्याशी बदले हैं. बीजेपी से टिकट न मिलने पर बागी हुए डॉ. संजयन त्रिपाठी अब सपा के टिकट पर गोरखपुर-फैजाबाद सीट से चुनाव लड़ेंगे.

SP Akhilesh Yadav

SP Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव की सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए दो स्नातक सीटों पर अपने प्रत्याशी बदल दिए हैं. सबसे दिलचस्प मोड़ गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर आया है. बीजेपी से टिकट ना मिलने पर रोते हुए बीजेपी का झंडा उतारने वाले बागी नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी की अचानक सपा में एंट्री हो गई है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद सपा ने उन्हें सीधे चुनाव मैदान में उतार दिया है. वहीं आगरा सीट पर भी नया चेहरा सामने लाया गया है. चुनाव की तारीखों से ठीक पहले सपा का यह 'अचानक फेरबदल' विरोधियों के चुनावी गणित को बिगाड़ने के लिए काफी माना जा रहा है.

आगरा और गोरखपुर में बदले गए उम्मीदवार

सपा ने रणनीतिक फेरबदल करते हुए दो सीटों पर अपने पुराने चेहरों को बदल दिया है.

गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट: पूर्व घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव की जगह अब नए-नवेले सपा नेता डॉ. संजयन त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे.

आगरा स्नातक सीट: सपा ने रामप्रकाश चंद्र गुप्ता का टिकट काटकर आकाश अग्रवाल को नया उम्मीदवार बनाया है.

अब सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे संजयन त्रिपाठी

गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट से बीजेपी का टिकट मांग रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी उस वक्त सुर्खियों में आ गए थे, जब एन मौके पर पार्टी ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया. बीजेपी के इस फैसले से आहत होकर डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अपनी गाड़ी से बीजेपी का झंडा निकालकर हटा दिया था.

सालों की निष्ठा और मेहनत को याद करते हुए मीडिया और समर्थकों के सामने वे भावुक हो गए थे और उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे. उस दौरान उन्होंने बगावती तेवर दिखाते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था. लेकिन राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता. सपा प्रमुख अखिलेश यादव से हुई एक मुलाकात ने पूरा खेल बदल दिया और अब वे सपा के सिंबल पर बीजेपी को ही चुनौती देने जा रहे हैं.

सपा के अन्य उम्मीदवारों की लिस्ट 

एमएलसी चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी ने अन्य सीटों पर अपने उम्मीदवारों की स्थिति पहले ही साफ कर दी है.

शिक्षकों की सीट (शिक्षक खंड) 

वाराणसी-मिर्जापुर खंड: लाल बिहारी यादव

स्नातक की सीटें (स्नातक खंड) 

इलाहाबाद-झांसी खंड: डॉ. मान सिंह

वाराणसी-मिर्जापुर खंड: आशुतोष सिन्हा

लखनऊ खंड: कांति सिंह

सपा के इस नए पैंतरे और बीजेपी के बागी चेहरे को मैदान में उतारने के फैसले ने गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक सीट के मुकाबले को बेहद दिलचस्प और कड़ा बना दिया है.

ये भी पढ़ें: MLC चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, टिकट कटने से नाराज डॉ. संजयन त्रिपाठी ने जॉइन की समाजवादी पार्टी