1600 KM दूर थीं अपर्णा यादव, पति प्रतीक की तबीयत बिगड़ने पर उन्होनें किस ज्योतिषाचार्य को किया था पहला कॉल

आशीष श्रीवास्तव

14 May 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 10:21 PM)

Prateek Yadav Death Case: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया.

 Aparna Yadav and Prateek Yadav

Aparna Yadav and Prateek Yadav

Google CTA

Prateek Yadav Death Case: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया. 38 वर्षीय प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि जिस समय प्रतीक यादव की हालत बिगड़ी और उनका निधन हुआ, उस समय अपर्णा यादव लखनऊ से करीब 1600 किलोमीटर दूर असम में मौजूद थीं. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे प्रतीक यादव की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी. इसके बाद ड्राइवर और स्टाफ की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया. उनके करीबी सर्विस पांडे ने दावा किया कि अस्पताल में करीब एक घंटे तक इलाज चला, हालांकि सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने इस दावे से इनकार किया है.

यह भी पढ़ें...

असम में थीं अपर्णा यादव

बताया जा रहा है कि अपर्णा यादव पिछले तीन-चार दिनों से लखनऊ से बाहर थीं. वह पहले गुजरात के सोमनाथ गई थीं और वहां से असम पहुंची थीं. मंगलवार देर रात उन्हें पति की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वह लगातार फोन के जरिए हालचाल लेती रहीं. बुधवार सुबह प्रतीक यादव के निधन की खबर भी उन्हें असम में ही मिली. इसके बाद वह तुरंत फ्लाइट से रवाना हुईं और दोपहर करीब 2 बजे लखनऊ पहुंचीं.

पति की हालत जानने के लिए ज्योतिषाचार्य को किया फोन

सूत्रों के अनुसार, पति की बिगड़ती हालत की जानकारी मिलने के बाद अपर्णा यादव काफी परेशान हो गई थीं. बताया जा रहा है कि उन्होंने तुरंत अपने पारिवारिक ज्योतिषाचार्य से संपर्क किया और प्रतीक यादव की स्थिति के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की. इतना ही नहीं, उन्होंने भावुक होकर ज्योतिषाचार्य से घर जाकर प्रतीक यादव को देखने का अनुरोध भी किया था. हालांकि ज्योतिषाचार्य खुद घर नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने फोन पर स्टाफ से बात की. स्टाफ ने बताया कि प्रतीक यादव अपने कमरे में आराम कर रहे हैं. बाद में यही जानकारी अपर्णा यादव तक भी पहुंचाई गई थी. जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 बजे अपर्णा यादव ने फिर से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी. इसके बाद उन्होंने स्टाफ से संपर्क किया, जहां उन्हें बताया गया कि प्रतीक यादव सो चुके हैं.

सुबह बेहोशी की हालत में मिले प्रतीक

बुधवार सुबह करीब 5 बजे घरेलू नौकर ने प्रतीक यादव को कमरे में कोहनी के बल बेहोशी की हालत में पड़ा देखा. इसके बाद तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया. सिविल अस्पताल के सीएमएस डीसी पांडे के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे उन्हें अस्पताल लाया गया था, लेकिन तब तक उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी और आंखें भी स्थिर हो चुकी थीं. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घर में सिर्फ बेटियां और नौकर मौजूद थे

बताया जा रहा है कि प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने से लेकर निधन तक घर में उनकी दोनों बेटियां प्रथमा और प्रतिक्षा के अलावा सिर्फ एक घरेलू नौकर मौजूद था. हालांकि घर के बाहर सुरक्षा गार्ड तैनात थे. परिवार के अन्य सदस्य भी उस समय घर पर नहीं थे.

आज होगा अंतिम संस्कार

अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम में किया जाएगा.