Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक 17 साल के युवक ने अपने ही पड़ोस की रहने वाली 30 साल की एक महिला पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला युवक की रिश्ते में चाची लगती है. पीड़ित युवक का दावा है कि महिला पिछले ढाई साल से उसे डरा-धमका कर अपने जाल में फंसाए हुए थी और अब उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी. जब नाबालिग ने शादी से इनकार किया तो महिला ने उसे झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी. डर के मारे जब युवक ने यह बात अपने परिवार को बताई तो हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT
'खेत में काम के बहाने शुरू की छेड़खानी'
अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 17 साल के पीड़ित युवक ने अपनी मां और भाई के साथ मलखान सिंह जिला अस्पताल में अपना दर्द बयां किया. युवक ने बताया कि 'ढाई साल पहले जब मैं खेत में काम करने जाता था तो पड़ोस में रहने वाली चाची वहां आ जाती थी और मेरे साथ छेड़खानी करती थी. फिर उसने मुझे अपना नंबर दे दिया और जबरदस्ती दो-तीन बार मुझे एकांत में बुलाया. मैं यह सब नहीं चाहता था. लेकिन उसने मुझे धमकी दी कि अगर मैं उसके पास नहीं गया तो वह पुलिस चौकी में मेरे खिलाफ रिपोर्ट लिखवा देगी और मुझे जेल भिजवा देगी.'
युवक ने आगे बताया कि वह महिला जबरन उसके साथ पति-पत्नी जैसा रिश्ता बनाती थी. जब भी उसने विरोध किया महिला ने केस दर्ज कराने की धमकी देकर उसे डरा दिया. अब वह महिला उस पर कोर्ट मैरिज करने का दबाव बना रही थी जिसके बाद तंग आकर युवक ने 10 दिन पहले अपने घरवालों को सब सच बता दिया.
'महिला के हैं तीन बड़े बच्चे, फिर भी करना चाहती है शादी'
अस्पताल में मौजूद पीड़ित युवक की मां ने रोते हुए बताया कि यह महिला रिश्ते में उनकी देवरानी लगती है. मां के मुताबिक 'यह महिला मेरे घर आती थी और मेरे बेटे को फंसाने की धमकी देती थी. मैंने अपने बेटे से कई बार कहा कि उससे दूर रहे, वह तुम्हें जेल भिजवा देगी. उस महिला के खुद तीन बड़े-बड़े बच्चे हैं, सास-ससुर और ननद हैं. लेकिन फिर भी वह मेरे 17 साल के बच्चे से शादी करने पर अड़ी हुई थी. वह कहती थी कि मैं तुम्हारे लड़के के साथ ही रहूंगी.'
पीड़ित के बड़े भाई ने बताया कि 'यह पूरा मामला पिछले ढाई साल से चल रहा था. लेकिन भाई डर के मारे चुप था. जब इस बार धान काटने के दौरान महिला ने उसका फोन नंबर ले लिया और धमकी दी कि 'मुझसे कोर्ट मैरिज कर नहीं तो तेरे पूरे परिवार को बर्बाद कर दूंगी, तब जाकर छोटे भाई ने हिम्मत जुटाई. भाई ने रोते हुए घर में कहा कि मैं इस महिला के डर से जान दे दूंगा लेकिन इससे शादी नहीं करूंगा. इसके बाद ही परिवार को इस भयानक प्रताड़ना का पता चला. '
पुलिस ने महिला को किया अरेस्ट
परिजनों के मुताबिक जब वे इस मामले की शिकायत लेकर इगलास थाने पहुंचे तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सुनवाई की. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार/हिरासत में ले लिया है. पीड़ित नाबालिग को कानूनी प्रक्रिया के तहत मलखान सिंह अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और काउंसिलिंग के लिए लाया गया है. युवक का कहना है कि वह सिर्फ उस महिला के चंगुल और खौफ से बचना चाहता है.
ADVERTISEMENT










