West Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बढ़त ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्साह की लहर पैदा कर दी है. वाराणसी के गंगा घाटों पर रहने वाले बंगाली समाज की महिलाओं ने शंखनाद कर मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से भाजपा की जीत की प्रार्थना की. सुबह बनारस की पारंपरिक कचौड़ी-जलेबी को छोड़कर आज घाटों पर बंगाल की प्रसिद्ध 'झालमुड़ी' के साथ जीत का उत्साह साझा किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
पीएम मोदी के 'झालमुड़ी' अंदाज में जश्न
वाराणसी में रह रहे बंगाली समाज की महिलाओं ने आज के दिन की शुरुआत अनोखे अंदाज में की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बंगाल में जनसभा के दौरान झालमुड़ी खाने के वायरल वीडियो से प्रेरणा लेते हुए महिलाओं ने गंगा किनारे खुद झालमुड़ी बनाई और एक-दूसरे को खिलाई. महिलाओं का कहना है कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने गरीबों के साथ बैठकर झालमुड़ी खाई थी, वे भी उसी सादगी और उत्साह के साथ बंगाल में 'परिवर्तन' का स्वागत कर रही हैं.
बंगाल के भविष्य और सुरक्षा की कामना
मतगणना के दौरान उत्साहित युवाओं और महिलाओं ने बंगाल के भविष्य को लेकर अपनी राय साझा की. घाट पर मौजूद बंगाली युवतियों का कहना है कि यह केवल हार-जीत का सवाल नहीं है, बल्कि बंगाल के अगले 5 सालों के भविष्य और वहां के छात्रों व युवाओं के रोजगार का मामला है. महिलाओं ने उम्मीद जताई कि बंगाल में 'भगवा' लहराएगा और वहां भी महिलाएं उत्तर प्रदेश की तरह खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी.
ममता सरकार पर साधा निशाना
प्रार्थना और शंखनाद के बीच महिलाओं ने वर्तमान सरकार पर तीखे हमले भी किए. उनका दावा है कि पिछले 15 सालों में बंगाल के छात्रों और युवाओं के पास रोजगार और उद्योग (शिल्प) की कमी रही है. बंगाली समाज की महिलाओं का मानना है कि बंगाल की बेहतरी के लिए सत्ता परिवर्तन अनिवार्य है और शुरुआती रुझान इसी दिशा में इशारा कर रहे हैं. फिलहाल मतगणना जारी है और काशी का बंगाली समाज पूरी तरह से भाजपा की जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहा है.
ADVERTISEMENT









