अंबेडकर नगर में भीषण सड़क हादसा, एक साथ हो गई इतने सारे लोगों की दर्दनाक मौत

अम्बेडकर नगर में तेज रफ्तार कार की वजह से एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई. कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे ने सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यूपी तक

• 01:47 PM • 04 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है जहां दूसरों की जान बचाने की कोशिश कर रहे लोग खुद मौत का शिकार हो गए. जलालपुर-अकबरपुर मार्ग पर हुए इस भीषण हादसे में कुल 8 लोगों की जान चली गई है. तेज रफ्तार कार ने सड़क पर घायलों की मदद कर रहे स्थानीय लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है.

यह भी पढ़ें...

मदद करने वालों के लिए काल बनी तेज रफ्तार कार

घटना 3 मई की रात लगभग 11:30 बजे की है, जब अशरफपुर भुआ गांव के पास दो बाइक सवार आपस में टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सड़क पर तड़प रहे इन घायलों की मदद के लिए आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हुए और उन्हें अस्पताल भेजने की कोशिश कर रहे थे. तभी जलालपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित डिजायर गाड़ी भीड़ में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जो लोग जान बचाने आए थे, वही काल के गाल में समा गए.

अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान हुई मौतें

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दो अन्य घायलों को नाजुक हालत में जिला अस्पताल और फिर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

क्षेत्राधिकारी और जलालपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला. पुलिस ने सभी 8 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस बेकाबू कार और उसके चालक की तलाश कर रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.