उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां एक रिसेप्शन पार्टी की खुशियां अचानक चीख-पुकार में बदल गईं. कोतवाली थाना क्षेत्र के नारीबारी (रानी गांव) में नई बहू के गृह प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित 'बहुभोज' के दौरान अंधाधुंध फायरिंग हुई. इस गोलीकांड में 22 वर्षीय अजय रायदास को मौत के घाट उतार दिया गया जिस घर में जश्न का माहौल था, वहां अब केवल सन्नाटा और अपनों को खोने की चीखें सुनाई दे रही हैं.
ADVERTISEMENT
जश्न के बीच मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है. गांव में नई बहू के आने के बाद रिसेप्शन की दावत चल रही थी और मेहमान जश्न में डूबे थे. तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा. आरोप है कि इसी दौरान चली गोलियों की चपेट में अजय रायदास आ गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा. मौके पर मौजूद लोग उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए. लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक अजय के पिता ने गांव के ही बुंदेला नाम के युवक पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पिता के अनुसार, हालांकि रिसेप्शन के दौरान ही यह वारदात हुई. लेकिन इसके पीछे जमीन से जुड़ा पुराना विवाद हो सकता है. पुलिस की शुरुआती जांच में भी इस हत्याकांड की वजह जमीनी रंजिश के रूप में सामने आ रही है. पुलिस असली कारणों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन कर रही है.
आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस और भारी बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी बुंदेला के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में कड़ी विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.
ADVERTISEMENT









