मुजफ्फरनगर में सगे चाचा और पिता ने ही किया 14 साल की बेटी का रेप, पूरा मामला सन्न कर देगा

मुजफ्फरनगर में 14 वर्ष की लड़की के साथ उसके पिता और चाचा ने कई महीनों तक दुष्कर्म किया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है. मामला संवेदनशील और चिंताजनक है.

यूपी तक

• 05:06 PM • 02 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है. यहा एक 14 साल की मासूम बच्ची के साथ पहले उसके सगे चाचा ने कई महीनों तक दरिंदगी की और जब पीड़िता ने अपने पिता से सुरक्षा की गुहार लगाई, तो रक्षक ही भक्षक बन गया. कलयुगी पिता ने बेटी को बचाने के बजाय खुद भी उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

मां की गैरमौजूदगी में चाचा ने बनाया हवस का शिकार

घटना कोतवाली क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां अपने पति की प्रताड़ना और हरकतों से तंग आकर कुछ साल पहले घर छोड़कर चली गई थी. घर में मां के न होने का फायदा उठाते हुए सगे चाचा ने अपनी नाबालिग भतीजी के साथ रेप किया. आरोपी चाचा ने बच्ची को डराया-धमकाया कि अगर उसने किसी को भी इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार डालेगा. इसी डर के साये में पिछले 4 महीनों से चाचा मासूम के साथ दरिंदगी करता रहा.

पिता के पास पहुंची तो उसने भी किया रेप

लगातार हो रहे शोषण से परेशान होकर जब किशोरी ने हिम्मत जुटाई और अपने पिता को चाचा की करतूतों के बारे में बताया, तो उम्मीद के उलट पिता ने भी हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. सुरक्षा देने के बजाय उस कलयुगी पिता ने भी अपनी सगी बेटी के साथ रेप किया. हताश होकर पीड़िता ने किसी तरह शामली में रहने वाली अपनी मामी से संपर्क किया और उन्हें आपबीती सुनाई.

पुलिस ने आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे

मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़िता अपनी मामी के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई. मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पिता और चाचा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल बच्ची के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है.