उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शनिवार देर रात हुई एक ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है. एक जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान केक लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद इस कदर बढ़ गया कि देखते ही देखते तीन युवाओं की जान चली गई. जब एक ही घर से तीन अर्थियां उठीं तो कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया.
ADVERTISEMENT
क्या थी खूनी घटना?
यह घटना खुरजा थाना क्षेत्र के एक जिम की है, जहां जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था. पार्टी में शामिल युवकों के बीच केक लगाने को लेकर पहले कहासुनी हुई जो बाद में गाली-गलौज और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग में तब्दील हो गई. इस गोलीबारी में अमरदीप, मनीष और आकाश नाम के तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद जब उनके शव घर पहुंचे, तो इलाके में कोहराम मच गया. अंतिम संस्कार के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. वहीं सुरक्षा के लिए एसपी सिटी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने इस ट्रिपल मर्डर मामले में अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि घटना स्थल से सभी महत्वपूर्ण फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं.इस पूरे मामले की जांच के लिए एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है और 8 टीमें लगातार अन्य संदिग्धों की धरपकड़ में जुटी हैं. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी एक-दूसरे से पूर्व परिचित थे. फिलहाल, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों और बाकी आरोपियों की विस्तृत जानकारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है.
ADVERTISEMENT









