Prayagraj Murder News: प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. एक कलयुगी पिता ने अपने ही 18 वर्षीय जवान बेटे की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसे अपनी पत्नी और बेटे के बीच 'अवैध संबंधों' का शक था. नशे में धुत पिता ने पहले बेटे को जहर दिया और फिर सोते समय उसे मौत के घाट उतार दिया.
ADVERTISEMENT
पास्ता में दी नींद की गोली, फिर किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, करेली की 'चाट वाली गली' में रहने वाला आरोपी पप्पू जायसवाल नशे का आदी है और कोई काम नहीं करता था. घर का खर्च उसका बड़ा बेटा प्रियांशु सब्जी बेचकर चलाता था. शुक्रवार की रात आरोपी ने एक खौफनाक साजिश रची. उसने घर में बने पास्ता में नींद की गोलियां मिला दीं. प्रियांशु पास्ता खाकर छत पर गहरी नींद में सो गया, जिसके बाद तड़के 4 से 5 बजे के बीच पप्पू ने पहले उसके सिर पर भारी वस्तु से वार किया और फिर धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी.
मां-बेटे के पवित्र रिश्ते पर लगाया 'घिनौना' लांछन
आरोपी पिता के सिर पर शक का ऐसा खून सवार था कि उसने सगी मां और बेटे के रिश्ते को भी कलंकित करने की कोशिश की. मृतक की मां रंजना ने रोते हुए बताया कि पप्पू अक्सर उन पर बेबुनियाद आरोप लगाकर झगड़ा करता था. छोटे बेटे ने भी खुलासा किया कि पिता अक्सर उनसे कहते थे कि "मम्मी खिड़की बंद करके भैया से कुछ कराती है." परिवार का कहना है कि पप्पू पूरी तरह सनकी हो चुका था और उसने केवल अपनी गंदी सोच के कारण घर का चिराग बुझा दिया.
हत्या के बाद घर में ताला लगाकर भागा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता अपने अन्य छोटे बेटों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. उसने बच्चों को धमकी दी थी कि अगर किसी को बताया तो उन्हें भी मार डालेगा. हालांकि, बच्चों ने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया और पड़ोसियों व पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस ने ताला तोड़ा, तो अंदर का मंजर रूह कंपा देने वाला था; पूरा कमरा खून से सना हुआ था.
आरोपी गिरफ्तार, फांसी की मांग
प्रयागराज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पप्पू जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है. वहीं, इलाके के लोगों और रिश्तेदारों में भारी आक्रोश है. पीड़ित मां और मोहल्ले वालों ने मांग की है कि इस 'जल्लाद' पिता को सख्त से सख्त सजा और फांसी दी जानी चाहिए.
ADVERTISEMENT









