Salim Vastik News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब तीन दशक पुराने सनसनीखेज अपहरण और हत्याकांड के मुख्य किरदार सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया है. साल 1995 में घटी इस वारदात में मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक सलीम खान ने अपने ही 13 वर्षीय छात्र का अपहरण कर फिरौती मांगी थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने मासूम की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया था.
ADVERTISEMENT
इस मामले में साल 1997 में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, लेकिन कुछ समय बाद वह जमानत पर बाहर आकर फरार हो गया और अपनी पहचान पूरी तरह छिपा ली.
फरारी के दौरान सलीम खान ने गाजियाबाद के लोनी इलाके में शरण ली और अपना नाम बदलकर 'सलीम वास्तिक' रख लिया. वहां उसने महिलाओं के कपड़ों की एक दुकान खोल ली और वर्षों तक एक आम नागरिक की तरह जीवन बिताते हुए कानून की नजरों से बचता रहा. हालांकि, दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसके पीछे लगी रही और अंततः सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसे लोनी से धर दबोचा. 29 साल बाद हुई इस गिरफ्तारी ने न्याय व्यवस्था की मजबूती और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ पुलिस के सतत प्रयासों को एक बार फिर साबित कर दिया है.
ADVERTISEMENT









