गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक रूह कपा देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 'डाबर तालाब' अब इलाके के लिए 'मौत का कुंड' बन चुका है. नोएडा में हुए चर्चित युवराज हत्याकांड की यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि लोनी में एक हफ्ते के भीतर तीन मौतों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि एक लापता युवक की तलाश में उतरा पेशेवर गोताखोर भी खुद को नहीं बचा सका और उसी तालाब की गहराई में समा गया.
ADVERTISEMENT
लापता युवक को ढूंढने उतरा गोताखोर भी हुआ शिकार
पूरा मामला डाबर कॉलोनी का है, जहाँ शादान नाम का युवक 14 अप्रैल से लापता था. तालाब किनारे उसकी शर्ट मिलने के बाद पुलिस ने दिल्ली से गोताखोरों की टीम बुलाई. दिल्ली से आए गोताखोर सरताज उर्फ भूरा पानी में उतरे, लेकिन तालाब के भीतर जमा गंदगी, झाड़ियों और दलदल ने उन्हें ऐसा उलझाया कि वे बाहर नहीं निकल पाए. घंटों की मशक्कत के बाद पहले शादान और फिर खुद गोताखोर सरताज का शव बरामद हुआ.
एक हफ्ता, तीन मौतें और सिस्टम पर सवाल
डाबर तालाब की दहशत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन दिनों में ही यहाँ एक मासूम समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तालाब कई एकड़ में फैला है, लेकिन यहाँ न तो कोई चेतावनी बोर्ड है और न ही बाउंड्री वॉल. गंदगी और अवैध कब्जे ने इसे और भी खतरनाक बना दिया है.
मौतों पर शुरू हुई सियासत
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक नंद किशोर गुर्जर मौके पर पहुंचे और नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए. विधायक ने कहा कि नगर पालिका को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करना चाहिए था, लेकिन यहाँ तालाब में कबाड़ भरा पड़ा है.
दूसरी ओर, नगर पालिका चेयरमैन का दावा है कि तालाब की घेराबंदी के लिए टेंडर निकाला गया था, जिसे विधायक ने रुकवा दिया. इस पर पलटवार करते हुए विधायक ने कहा कि यदि उन्होंने कोई टेंडर रुकवाया हो, तो वे राजनीति छोड़ देंगे. विकास कार्यों और टेंडरों की इस खींचतान के बीच आम जनता अपनी जान गंवा रही है.
'गरीब था सरताज, मिले आर्थिक मदद'
गोताखोर सरताज के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके भाई ने बताया कि सरताज दूसरों की जान बचाने के लिए पानी में कूदा था, लेकिन घास और दलदल में रास्ता भटक गया. परिजनों ने प्रशासन और जिलाधिकारी (DM) से गरीब परिवार के लिए आर्थिक मुआवजे की मांग की है.
ADVERTISEMENT









