इटावा में गैराज में लगी भीषण आग... एक के बाद एक धमाकों से दहला इलाका, देखें भयानक वीडियो

इटावा में पुलिस अधीक्षक आवास के पास स्थित एक कार रिपेयरिंग गैरेज में भीषण आग लग गई. हादसे में कई गाड़ियां और लाखों का सामान जलकर राख हो गया है. दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

यूपी तक

• 05:22 PM • 22 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के इटावा में देर रात एक बड़े कार रिपेयरिंग गैरेज में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी भयावह थी कि उसने गैरेज में खड़ी कई गाड़ियों और कीमती मशीनरी को अपनी चपेट में ले लिया. पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के पास हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई.

यह भी पढ़ें...

धमाकों से दहला इलाका, राख हुई गाड़ियां

इटावा के ईदगाह के पास स्थित एक कार गैरेज में अचानक आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां खड़ी गाड़ियों में धमाके होने लगे. धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

शॉर्ट सर्किट या साजिश? जांच जारी

आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट या गैरेज के पास सूखे पत्तों में लगी आग को माना जा रहा है. हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. गनीमत यह रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को फैलने से रोक लिया, वरना पास की दुकानों और रिहायशी इलाके में बड़ा नुकसान हो सकता था.

लाखों का नुकसान, मालिक का छलका दर्द

गैरेज मालिक अनीश ने बताया कि वह हादसे से कुछ देर पहले ही वहां से निकले थे. अनीश के मुताबिक, "आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला. हमारा करीब 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हो गया है." उन्होंने किसी भी तरह की रंजिश की बात से इनकार करते हुए कहा कि वे वर्षों से यहां शांति से काम कर रहे हैं.

फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग आग के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं. इस अग्निकांड ने गैरेज मालिक की वर्षों की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया है.