बरेली में बारात में नाचती महिलाओं को कहा 'चुड़ैल'... फर्जी पुलिसवाला बनकर रौब झाड़ना युवक को पड़ा भारी!

बरेली में एक युवक ने बारात में नाचती महिलाओं का वीडियो बनाकर उन्हें 'चुड़ैल' कहा और खुद को पुलिसवाला बताया. वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.

यूपी तक

• 01:58 PM • 21 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के बरेली से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक युवक को बारात में महिलाओं का मजाक उड़ाना और 'फर्जी दरोगा' बनना काफी भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के चक्कर में युवक ने न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई, बल्कि कानून को भी गुमराह करने की कोशिश की.

यह भी पढ़ें...

महिलाओं को कहा 'चुड़ैल' और झाड़ी पुलिसिया धौंस

पूरा मामला बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है. यहाँ एक बारात में महिलाएं और अन्य लोग खुशी-खुशी नाच-गा रहे थे. इसी दौरान एक युवक ने अपने मोबाइल से महिलाओं का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. हद तो तब हो गई जब उसने वीडियो में महिलाओं के लिए 'चुड़ैल' जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उनका मजाक उड़ाया. जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया.

वायरल वीडियो ने खोली 'फर्जी दरोगा' की पोल

युवक की यह हरकत कैमरे में कैद हो गई और जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस हरकत में आ गई. जांच के दौरान युवक की असलियत सामने आई तो पता चला कि वह न तो पुलिस विभाग में है और न ही उसका कानून से कोई लेना-देना है. वह महज 'फर्जी पुलिसवाला' बनकर लोगों को डरा रहा था.

पुलिस का एक्शन: सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी

इज्जतनगर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी नागरिक, विशेषकर महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ और फर्जी पहचान बताकर कानून का मजाक उड़ाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.