UP Weather Update: यूपी में भीषण लू का प्रकोप, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी... कब होगी राहत की बारिश?

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. मौसम विभाग ने 23 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बांदा में तापमान 44.2 डिग्री दर्ज किया गया. 26 अप्रैल से बारिश के आसार.

यूपी तक

23 Apr 2026 (अपडेटेड: 23 Apr 2026, 01:42 PM)

follow google news

UP ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. अप्रैल की शुरुआत में हुई बेमौसम बारिश के बाद अब सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं और पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है. पछुआ हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने 23 अप्रैल के लिए पूरे राज्य में 'यलो अलर्ट' जारी किया है.

यह भी पढ़ें...

बांदा रहा सबसे गर्म, 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है. लू (Heat Wave) के चलते कई शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है.

  • सबसे गर्म जिला: बुंदेलखंड का बांदा जिला 44.2 डिग्री तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया है.
  • लू का अलर्ट: आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है.

दोपहर 12 से 4 बजे तक रहें सावधान

मौसम वैज्ञानिकों ने भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के प्रकोप को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप का असर सबसे ज्यादा रहता है, इसलिए इस दौरान बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें. बाहर निकलने पर शरीर को पूरी तरह ढंकने और अधिक मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है.

कब मिलेगी राहत?

गर्मी से तप रहे यूपी के लिए राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 तारीख के बाद कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बन रही है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को लू के सितम से राहत मिलेगी. फिलहाल, अगले तीन-चार दिन गर्मी से बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है.