मिर्जापुर में भीषण हादसा... ड्रमगंज घाटी में ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा, 11 की मौत, बोलेरो में लगी आग

Mirzapur Road Accident: मिर्जापुर के ड्रमगंज घाटी में ट्रक का ब्रेक फेल होने से भीषण सड़क हादसा. 11 लोगों की दर्दनाक मौत और बोलेरो में लगी आग. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुआवजे का ऐलान किया.

यूपी तक

23 Apr 2026 (अपडेटेड: 23 Apr 2026, 01:39 PM)

follow google news

Mirzapur Sadak Hadsa: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. ड्रमगंज घाटी के दुर्गम मोड़ पर एक अनियंत्रित ट्रक ने काल बनकर कई वाहनों को रौंद दिया, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. यह हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद एक बोलेरो गाड़ी में अचानक आग लग गई, जिसने उसमें सवार 6 लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया.

यह भी पढ़ें...

ब्रेक फेल होते ही 'यमराज' बना ट्रक

मिर्जापुर पुलिस के मुताबिक, हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ. ढलान पर नियंत्रण खोने के बाद तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे वाहनों को पीछे से जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो समेत अन्य गाड़ियां मलबे के ढेर में तब्दील हो गईं और उनमें भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन राहत कार्य में जुट गए, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक कई जिंदगियां दम तोड़ चुकी थीं.

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सहायता के तौर पर:

  • मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.
  • घायलों के बेहतर उपचार के लिए अधिकारियों को मौके पर रहकर निगरानी करने को कहा है.

राहत कार्य और प्रशासन की सक्रियता

हादसे के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. प्रशासन ने घटनास्थल पर कड़ी निगरानी रखी है और यातायात को सुचारू करने का काम जारी है. यह घटना एक बार फिर घाटी वाले इलाकों में वाहनों की फिटनेस और सुरक्षित ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े करती है.