भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद भावुक हुईं पूजा पाल! पति के हत्याकांड का किया जिक्र... मंत्री पद को लेकर दी ये सफाई

Pooja Pal: उत्तर प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश टीम में पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है. उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति साझा की है.

यूपी तक

• 02:00 PM • 27 Jun 2026

follow google news

Pooja Pal: भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई में नई टीम का गठन हो गया है. इस नई टीम में समाजवादी पार्टी की बागी विधायक पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. मंत्री पद की अटकलों पर विराम लगाते हुए, उन्होंने कहा कि उन्होंने मंत्री पद के बारे में केवल मीडिया के माध्यम से ही सुना था. पूजा पाल ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया है और साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में भूमाफियाओं और अपराध पर लगाम लगाने के लिए उनकी जमकर तारीफ की है.

यह भी पढ़ें...

नई जिम्मेदारी मिलने पर जताई खुशी

भाजपा द्वारा प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व दिए जाने पर पूजा पाल ने कहा, 'शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो मुझे यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है, उसके लिए मैं हृदय से आभार प्रकट करती हूं. यह मेरे लिए सम्मान की बात होने के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है. मैं पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और संगठन के प्रति पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ काम करूंगी. मुझे पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का काम सौंपा गया है, जिसे मैं बखूबी निभाने का प्रयास करूंगी.' मंत्री पद की चर्चाओं पर उन्होंने साफ कहा कि उनकी इस बारे में कोई बात नहीं हुई थी और यह खबर सिर्फ मीडिया में चल रही थी.

2027 चुनाव के लिए क्या है रणनीति?

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूजा पाल ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जिस सोच और आशा के साथ उन्हें इस पद पर बैठाया है, वह उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगी. उन्होंने कहा, '2027 के चुनाव में पार्टी नेतृत्व जो भी भूमिका या दायित्व मुझे सौंपेगा, उसे बखूबी निभाया जाएगा. हम अपने कार्यकर्ताओं और जनता के साथ एक अच्छी बॉन्डिंग बनाकर मजबूती के साथ अगला चुनाव लड़ेंगे.'

सीएम योगी की तारीफ की वजह बताई

विधानसभा सत्र में सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने के सवाल पर पूजा पाल ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई सरकारें देखी हैं, लेकिन जब डबल इंजन की सरकार आई, तो विकास की गति तेज होने के साथ-साथ माफियाओं और भूमाफियाओं पर भी लगाम लगी है. उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश की 80% जनता भूमाफियाओं से परेशान थी. जब इंसान का सब कुछ छीन लिया जाता है, तो वह टूट जाता है. मैंने प्रयागराज की धरती पर माफियाओं को खत्म होते और सरेंडर करते हुए देखा है, इसीलिए मैंने विधानसभा में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की तारीफ की थी.'

'2005 में ऐसी सरकार होती तो... '

अपने पति और पूर्व विधायक राजू पाल की हत्या का जिक्र करते हुए पूजा पाल भावुक हो गईं. उन्होंने कहा, '2005 में राजू पाल जी की हत्या हुई थी, तब मेरी शादी को मात्र 9 दिन हुए थे. अतीक अहमद और अशरफ ने हत्या के बाद उनकी डेड बॉडी तक हमें नहीं सौंपी थी. 2005 से 2023 तक हमने अतीक अहमद से लड़ने के लिए शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से लंबा संघर्ष किया.' उन्होंने आगे कहा, '18 साल तक हमने धमकियां झेलीं. मुझे डराया-धमकाया जाता था कि तुम क्या लड़ोगी. लेकिन अंततः हमें न्याय मिला. अगर 2005 में ऐसी (योगी) सरकार होती, तो हमें तुरंत न्याय मिल जाता और 18 साल तक घिसटना नहीं पड़ता.'