सपा नेताओं पर पथराव के बाद खुद मैदान में उतरे अखिलेश! 29 अप्रैल को गाजीपुर में निशा विश्वकर्मा के परिवार से करेंगे मुलाकात

Akhilesh Yadav News: गाजीपुर हिंसा के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल को कटरिया गांव जाएंगे. वे सिया राम विश्वकर्मा के परिवार से मिलेंगे. जानें पूरा मामला.

यूपी तक

• 10:48 AM • 25 Apr 2026

follow google news

Akhilesh Yadav News: गाजीपुर के कटरिया गांव में हुई हिंसक झड़प और तनावपूर्ण स्थिति के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद कमान संभाल ली है. प्रतिनिधिमंडल (डेलीगेशन) पर हुए पथराव के बाद अखिलेश यादव ने अब खुद गाजीपुर जाने का बड़ा ऐलान किया है.

यह भी पढ़ें...

29 अप्रैल को पीड़ित परिवार से मिलेंगे अखिलेश

सपा मुखिया अखिलेश यादव आगामी 29 अप्रैल को गाजीपुर के कटरिया गांव पहुंचेंगे. वे यहां मृतका निशा विश्वकर्मा के पिता सिया राम विश्वकर्मा और उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे. प्रतिनिधिमंडल पर हुए हमले के बाद उपजे तनाव को देखते हुए, अखिलेश यादव के दौरे के लिए जेड प्लस (Z+) सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

गोरिल्ला वार के लिए रहें तैयार: अखिलेश का कड़ा रुख

हाल ही में जब सपा का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा था, तब वहां भारी पथराव हुआ था, जिसमें कई सपा नेता और ग्रामीण लहूलुहान हुए थे. इस घटना पर नाराजगी जताते हुए अखिलेश यादव ने सख्त लहजे में कहा है कि यदि उनके कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवारों से मिलने से रोका गया, तो वे गोरिल्ला वार (छापामार रणनीति) अपनाएंगे और बिना बताए जनता के दुख-दर्द में शामिल होने पहुंचेंगे.

क्या है पूरा मामला?

कटरिया गांव का यह पूरा विवाद निशा विश्वकर्मा की संदिग्ध मौत से जुड़ा है. इस मामले में हरि ओम पांडे नामक युवक पर गंभीर आरोप लगे हैं. समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार आक्रामक है और इसे सामाजिक एवं न्यायिक लड़ाई के तौर पर लड़ने की बात कह रही है.

प्रशासन हाई अलर्ट पर

सपा सुप्रीमो के दौरे के ऐलान के बाद गाजीपुर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. गांव में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं ताकि दोबारा हिंसा न भड़कने पाए.