हापुड़ में शादी छोड़ मंडप रोने लग गई दुल्हन! फिर दूल्हे को लेकर चौंकाने वाला खुलासा

Hapur Wedding News: हापुड़ में जयमाल के दौरान दूल्हा स्टेज पर गिर पड़ा. दुल्हन ने दूल्हे पर बीमारी छिपाने और स्कॉर्पियो गाड़ी मांगने का आरोप लगाते हुए शादी तोड़ दी.

यूपी तक

• 05:37 PM • 26 Apr 2026

follow google news

हापुड़ में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़ा बन गया जब जयमाल के लिए स्टेज पर चढ़ा दूल्हा अचानक धड़ाम से गिर पड़ा. खुशी का माहौल पल भर में चीख-पुकार और हंगामे में बदल गया. दूल्हे के मुंह से झाग निकलता देख दुल्हन ने न केवल शादी से इनकार कर दिया, बल्कि दूल्हे के परिवार पर गंभीर बीमारी छिपाने और दहेज के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया.

यह भी पढ़ें...

स्टेज पर दूल्हे को आया दौरा, दुल्हन ने तोड़ा रिश्ता

गाजियाबाद से हापुड़ के एक मैरिज हॉल में बारात आई थी. जयमाल की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि दूल्हा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे को मिर्गी या कोई गंभीर बीमारी है. दुल्हन ने रोते हुए कहा, "जब मैं स्टेज पर पहुंची, तभी उसे दौरा पड़ गया. उसकी बत्तीसी (दांत) भिंच गई और हाथ-पैर मुड़ गए. मेरी तो पूरी जिंदगी खराब हो गई."

स्कॉर्पियो की मांग और कर्ज का बोझ

दुल्हन ने दूल्हे पक्ष पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि शादी तय होने के समय से ही स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग की जा रही थी. दुल्हन के पिता ने कर्ज लेकर सारी मांगें पूरी की थीं, लेकिन दूल्हे की हालत देखने के बाद दुल्हन ने साफ कह दिया कि वह अब यह शादी नहीं करेगी.

गर्मी या बीमारी? दूल्हे के भाई की सफाई

दूसरी ओर, दूल्हे के भाई ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दूल्हे को कोई बीमारी नहीं है. भाई के मुताबिक, "गर्मी और भीड़ की वजह से भाई का बीपी (BP) 160 पहुंच गया था, जिससे वह बेहोश हो गया. अस्पताल में डॉक्टर ने उसे अब पूरी तरह फिट बताया है." शादी में गोली चलने की अफवाह भी उड़ी थी, जिसे दूल्हे के पक्ष ने पूरी तरह गलत करार दिया.

बिना दुल्हन लौटी बारात

शादी टूटने के बाद माहौल इतना बिगड़ गया कि लड़की पक्ष ने बारातियों को बंधक बनाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घंटों चले हंगामे के बाद दोनों पक्षों में समझौता तो हो गया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही. नतीजा यह हुआ कि दूल्हा अस्पताल पहुंचा और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.