बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर: जिस GYM में हुई थी ताबड़तोड़ गोलीबारी, उसपर हो गया अब एक्शन!

बर्थडे पार्टी के दौरान झगड़े के बाद हुई फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई. मुख्य आरोपी फरार है. पुलिस कार्रवाई कर रही है.

यूपी तक

• 12:11 PM • 28 Apr 2026

follow google news

बुलंदशहर के खुरजा इलाके में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए ट्रिपल मर्डर केस ने पूरे प्रदेश में खलबली मचा दी है. इस जघन्य हत्याकांड के बाद प्रशासन ने अब कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. जिस जिम में इस वारदात को अंजाम दिया गया उस अवैध निर्माण को सील कर दिया गया है. वहीं, दूसरी ओर पीड़ित परिवार के सब्र का बांध टूट गया है और वे मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हैं.

यह भी पढ़ें...

क्या है प्रशासन का एक्शन?

प्राधिकरण के इंजीनियर आनंद मिश्रा ने पुष्टि की है कि मुख्य आरोपी जीतू के जिम का निर्माण स्वीकृत नक्शे के विपरीत किया गया था जिसके चलते प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में अब तक 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.  मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक आरोपी मयंक का 'हाफ एनकाउंटर' भी किया है.

पीड़ित परिवार का आक्रोश

मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार ने शासन से गुहार लगाई है कि हत्यारों की पूरी संपत्ति की जांच की जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए. परिवार ने साफ कहा है कि उन्हें केवल इंसाफ चाहिए और "खून के बदले खून" की मांग के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की उम्मीद है. पुलिस प्रशासन ने उन्हें निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया है.

मुख्य आरोपी अभी भी फरार

वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी जीतू सैनी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. स्थानीय लोग भी प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं और जल्द ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.