अखिलेश यादव से मिलने के बाद हरदोई में क्या बोले शिल्पी का परिवार वाले, देखिए पूरी रिपोर्ट

अखिलेश यादव ने हरदोई की घटना में पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा है. परिवार न्याय चाहता है.

यूपी तक

• 11:22 PM • 30 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 13 अप्रैल को हुई युवती शिल्पी की निर्मम हत्या के मामले में सियासत तेज हो गई है. इसी कड़ी में आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे. अखिलेश यादव ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

यह भी पढ़ें...

5 लाख की आर्थिक मदद और सीबीआई जांच का आश्वासन

परिजनों से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. मृतका के भाई ने बताया कि अखिलेश यादव ने उनकी मांगों को सरकार के सामने रखने और इस पूरे हत्याकांड की सीबीआई (CBI) जांच के लिए पत्र लिखने का भी आश्वासन दिया है. परिवार का कहना है कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं हो जाती, उनकी बहन की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी.

परिजनों ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतका के भाई वीरेंद्र कुशवाहा ने बेहद भावुक होते हुए कहा कि उनकी बहन की फावड़ों से काटकर बेरहमी से हत्या की गई है. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे पिछले कई सालों से शिकायत लेकर चौकी, थाने और एसपी दफ्तर के चक्कर लगा रहे थे. लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई. परिजनों की मांग है कि हत्यारों की संपत्तियां नीलाम की जाएं और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए.

सपा अध्यक्ष ने सरकार को घेरा

अखिलेश यादव करीब आधे से पौन घंटे तक पीड़ित परिवार के साथ रहे और उनकी पूरी व्यथा सुनी. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता सुरक्षित नहीं है. हालांकि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को जेल भेज दिया है और उन पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का दावा किया है. लेकिन परिवार अब भी पूर्ण न्याय की आस में है.