एक परिवार के 5 लोगों का हत्यारा आमिर एनकाउंटर में ढेर, इसकी क्राइम कुंडली भी सामने आ गई

अम्बेडकर नगर में चार मासूम बच्चों और उनकी मां की हत्या का आरोपी आमिर पुलिस की मुठभेड़ में मारा गया. आरोप है कि आरोपी ने संपत्ति पाने के लिए यह कांड किया था। घटना की जांच जारी है.

यूपी तक

• 01:32 PM • 04 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में सोमवार की सुबह एक बड़ा एनकाउंटर हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों (चार मासूम बच्चों और उनकी मां) की बेरहमी से हत्या करने वाला मुख्य आरोपी आमिर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में हुए इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में थी, जिसे आज सुरारी अफजलपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद ढेर कर दिया गया.

यह भी पढ़ें...

एक ही परिवार के पांच लोगों का हुआ था कत्ल

अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर से चार मासूम भाई-बहनों के शव बरामद हुए. जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में उनकी मां का शव भी मिला. पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि बच्चों के पिता सऊदी अरब में रहते हैं और उन्होंने वहां दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद मां अपने चार बच्चों के साथ अकेले रह रही थी.

अवैध संबंध और प्रॉपर्टी का लालच बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, अकेले रह रही महिला का आरोपी आमिर के साथ परिचय हुआ, जो बाद में नजदीकियों में बदल गया. आमिर महिला से शादी कर उसकी प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था.जब वह अपनी इस साजिश में नाकाम रहा, तो उसने पहले चारों मासूम बच्चों को मौत के घाट उतारा और फिर उनकी मां की भी हत्या कर दी.

मुठभेड़ में ढेर हुआ आरोपी, दो सिपाही भी घायल

सोमवार, 4 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आमिर मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है. सुरारी अफजलपुर इलाके में घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो कांस्टेबल भी घायल हुए हैं. आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में आमिर को गोली लगी, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी आमिर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वह पहले भी हत्या और दुराचार जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका था. अकबरपुर पुलिस और स्वात (SWAT) टीम के संयुक्त ऑपरेशन में इस शातिर अपराधी का अंत हुआ.