बागपत में पत्नी के तीन प्रेमियों ने मिलकर की पति की हत्या, पूरे कांड की कहानी चौंका देगी

बागपत के मीतली गांव में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की उसके ही तीन दोस्तों ने हत्या कर दी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात को शराब पार्टी के दौरान अंजाम दिया गया.

यूपी तक

• 12:18 PM • 04 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के मीतली गांव में रिश्तों और दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी मूलचंद उर्फ सोनू की बेरहमी से हत्या कर दी. इस हत्याकांड की वजह मृतक की पत्नी के साथ तीनों आरोपियों के अवैध संबंध बताए जा रहे हैं. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 3 घंटे के भीतर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

शराब पार्टी के बहाने ट्यूबवेल पर बुलाया

जानकारी के अनुसार, 2 मई की रात आरोपियों ने साजिश के तहत मूलचंद को फोन करके घर से बुलाया. मृतक की पत्नी के मुताबिक, रात करीब 8:30 बजे उसे गेहूं की मशीन पर जाने की बात कहकर बुलाया गया था. आरोपी विशाल, दीपक और रिंकू उसे गांव के एक ट्यूबवेल पर ले गए, जहां पहले से ही शराब और बीयर की बोतलें मौजूद थीं यहां दोस्ती का नाटक करते हुए पहले उसे जमकर शराब पिलाई गई और जब मूलचंद नशे में बेधुंध हो गया, तो तीनों ने उस पर हमला कर दिया.

ईंटों से हमला कर उतार दिया मौत के घाट

आरोपियों ने पास ही पड़ी ईंटों से मूलचंद के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अगली सुबह जब ग्रामीणों ने ट्यूबवेल के पास खून से लथपथ शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर शराब की बोतलें और खून से सनी ईंटें बिखरी हुई थीं, जो रात में हुए खूनी संघर्ष की गवाही दे रही थीं.

पत्नी से अवैध संबंध बनी हत्या की वजह

पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का मूलचंद की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. मूलचंद उनकी राह में कांटा बन रहा था, जिसे हटाने के लिए तीनों ने मिलकर इस हत्याकांड की पटकथा लिखी. पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए और हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बागपत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करने के बाद जांच शुरू की. पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के 3 घंटे के भीतर ही विशाल, दीपक और रिंकू को हिरासत में ले लिया गया. आरोपियों ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.