उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. कालपी कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे 27 पर अयोध्या से रामलला के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के 10 सदस्य इस हादसे का शिकार हो गए. जोल्हूपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर कार के ट्रक में घुसने से एक ही खानदान के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
ADVERTISEMENT
अयोध्या से लौटते वक्त कालपी के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के मेहरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे. सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी कालपी के पास उनकी टवेरा गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. शुरुआती जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और यात्री अंदर ही बुरी तरह फंस गए.
घंटों चली मशक्कत, मौके पर ही बिछ गई लाशें
हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि सड़क पर लाशें बिछ गईं. कार के केबिन में फंसे घायलों और शवों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों और कालपी पुलिस को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण किया. पुलिस ने बताया कि एनएच 27 पर हुए इस हादसे में ललितपुर के निवासियों की जान गई है. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का स्पष्ट पता लगाने की कोशिश जारी है.
ADVERTISEMENT









