वाराणसी के यूपी कॉलेज (UP College) में शुक्रवार की सुबह हुई दिनदहाड़े गोलीबारी और छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी मंजीत चौहान तो सलाखों के पीछे है, लेकिन उसका साथी अनुज ठाकुर अब भी फरार है. अनुज ठाकुर उदय प्रताप इंटर कॉलेज में बीए सेकंड ईयर का छात्र है और मूल रूप से वाराणसी के शिवपुर (बसनी) का रहने वाला है.
ADVERTISEMENT
उसे उसके साथियों के बीच 'अनुज फायर' के नाम से भी जाना जाता है. वह मंजीत चौहान का बेहद करीबी दोस्त है. एफआईआर में अनुज का नाम मंजीत के साथ दर्ज है. आरोप है कि हत्या के वक्त वह मंजीत के साथ मौजूद था और उसने वारदात में उसका पूरा साथ दिया.
मंजीत चौहान की गिरफ्तारी और हालत
आपको बता दें कि वारदात के 10 घंटे के भीतर ही पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को धर दबोचा था. कोर्ट में पेशी के दौरान मंजीत लड़खड़ाकर चल रहा था. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद छात्रों के गुस्से से बचने के लिए वह ऊंची छत से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई.
मंजीत चौहान खुद को 'माफिया' कहलवाना पसंद करता था और उसने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी फोटो के साथ 'माफिया' शब्द का इस्तेमाल भी किया था.
घटना का कारण और छात्रों का प्रदर्शन
यह पूरी वारदात दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम बताई जा रही है. मृतक छात्रल सूर्य प्रताप सिंह (बीएससी सेकंड ईयर का छात्र) गाजीपुर का रहने वाला था. इसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. गुस्साए छात्र अनुज ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं.
ADVERTISEMENT









